दृश्यम 3 के दर्शकों ने सिनेमा हॉल में की तोड़फोड़, फिल्म के बीच इस बात पर भड़के
मुजफ्फरपुर के एक सिनेमा हॉल में फिल्म दृश्यम 3 : द कन्क्लूजन के शो के दौरान बवाल मच गया। मूवी देखने आए कुछ दर्शकों ने इंटरवेल के बाद तोड़फोड़ कर दी। हालात इतने बिगड़ गए कि सिनेमा हॉल में पुलिस बुलानी पड़ी।

बिहार के मुजफ्फरपुर में दृश्यम 3 की रिलीज के दिन ही भारी बवाल हो गया। शहर के मोतीझील स्थित एक मशहूर सिनेमा हॉल में दर्शकों ने जमकर हंगामा और तोड़फोड़ कर दी। इससे मूवी शो के दौरान सिनेमा हॉल में अफरातफरी मच गई। हालात बेकाबू होने पर सिनेमा हॉल के कर्मचारियों ने पुलिस बुला ली। उन्होंने हंगामा एवं तोड़फोड़ कर रहे 5 युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि सिनेमा हॉल में शुक्रवार को रिलीज हुई दृश्यम 3 देखने आए दर्शक बीच में लंबा विज्ञापन चलाने पर भड़क गए।
जानकारी के अनुसार, हंगामा कर रहे युवक सिनेमा हॉल में रिलीज हुई फिल्म दृश्यम 3 देखने गए थे। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ के दौरान युवकों ने बताया कि फिल्म के इंटरवल के बाद शो दोबारा शुरू करने के बजाय लगभग एक घंटे से अधिक समय तक केवल विज्ञापन दिखाए जा रहे थे। लगातार हो रही देरी से परेशान होकर हॉल में मौजूद दर्शक उग्र हो गए और हंगामा करने लगे।
गार्ड के रोकने पर भड़के दर्शक
इसी दौरान कई दर्शक हॉल से बाहर निकलने लगे। जिससे मेन गेट पर तैनात गार्ड के साथ बहस और नोकझोंक शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर हॉल प्रबंधन और कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि आक्रोशित युवकों ने परिसर में रखी कई कुर्सियों को तोड़ दिया और सोफे को फाड़कर नुकसान पहुंचाया।
इसके बाद कर्मचारियों ने पांच युवकों को दबोच लिया और पुलिस को मौके पर बुलाकर उन्हें सौंप दिया। पकड़े गए सभी युवक शहर के अखाड़ा घाट इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं। स्थानीय चर्चाओं के अनुसार, जिस मॉल और हॉल में यह घटना हुई है, वह क्षेत्र के एक चर्चित नेता से जुड़ा हुआ है।
पुलिस क्या बोली
वहीं, नगर थानेदार जय प्रकाश सिंह ने बताया कि पांचों युवकों को थाने में रखकर पूछताछ की जा रही है। हॉल प्रबंधन की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।
दृश्यम 3 की धमाकेदार ओपनिंग
बॉलीवुड एक्टर अजय देवगन और तब्बू स्टारर फिल्म दृश्यम 3 : द कन्क्लूजन को दुनिया भर के सिनेमाघरों में 2 अक्टूबर को रिलीज किया गया। इसमें जयदीप अहलावत, श्रिया सरन और प्रकाश राज जैसे मशहूर कलाकारों ने भी अभिनय किया है। यह फिल्म चर्चित क्राइम और सस्पेंस थ्रिलर 'दृश्यम' फ्रेंचाइजी का तीसरा एवं आखिरी भाग है। इससे पहले दृश्यम और दृश्यम 2 फिल्में आ चुकी हैं।
हालांकि, अजय देवगन की दृश्यम 3 की कहानी पूरी तरह ओरिजिनल है। इसका साउथ एक्टर मोहनलाल की मलयालम फ्रेंचाइजी 'दृश्यम 3: द पास्ट नेवर स्टे साइलेंट' से कोई संबंध नहीं है। जबकि बॉलीवुड फ्रेंचाइजी के पहले दो हिस्से, साउथ फ्रेंचाइजी का ही रिमेक थे। रिपोर्ट्स के अनुसार, अजय देवगन स्टारर दृश्यम 3 ने पहले दिन शुक्रवार को 60 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की है।


