झारखंड के ऑफर से बदलेगा मन या बिहार में आज नौकरी जॉइन करेंगी हिजाब वाली डॉ नुसरत?

Dec 20, 2025 08:55 am ISTJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share Share
Follow Us on

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा नियुक्ति पत्र वितरण के दौरान कथित तौर पर हिजाब हटाने के बाद चर्चा में आईं डॉ. नुसरत परवीन के शनिवार को पटना में बिहार सरकार की नौकरी जॉइन करने की चर्चा है। उन्हें झारखंड सरकार ने भी 3 लाख रुपये प्रति महीना की जॉब ऑफर की है।

झारखंड के ऑफर से बदलेगा मन या बिहार में आज नौकरी जॉइन करेंगी हिजाब वाली डॉ नुसरत?

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में कथित तौर पर हिजाब हटाने का वीडियो वायरल होने से चर्चा में आईं आयुष डॉक्टर नुसरत परवीन के शनिवार को पटना में बिहार सरकार की नौकरी जॉइन करने की चर्चा है। दूसरी ओर, विवाद होने के बाद नुसरत को झारखंड सरकार ने भी 3 लाख रुपये प्रति महीना की जॉब ऑफर कर दी है। ऐसे में चर्चा उठ गई है कि क्या डॉ. नुसरत का झारखंड के ऑफर से मन बदलेगा?

रिपोर्ट्स में नुसरत परवीन के करीबियों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि पटना के सदर पीएचसी में शनिवार को नुसरत परवीन आयुष डॉक्टर की नौकरी जॉइन करेंगी। नुसरत ने जिस तिब्बी कॉलेज से पढ़ाई की, उसके प्रिंसिपल का कहना है कि हिजाब विवाद से वह नाराज नहीं है। उन्होंने नुसरत के बिहार सरकार की नौकरी जॉइन नहीं करने की अटकलों को खारिज कर दिया।

वहीं, नुसरत की बैचमेट और दोस्त बिलकिस परवीन ने भी यही बात कही है। बिलकिस के अनुसार नुसरत अक्सर हिजाब पहने रखती हैं। इस मामले को ज्यादा तूल नहीं देना चाहिए। सीएम नीतीश कुमार ने जानबूझकर कुछ नहीं किया।

इससे पहले, कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि पटना में नियुक्ति पत्र लेते समय सीएम नीतीश कुमार द्वारा हिजाब हटाने का कथित वीडियो वायरल होने से नुसरत परवीन डिप्रेशन में आ गई हैं और बिहार छोड़कर कोलकाता में अपने परिवार के पास चली गई हैं।

झारखंड सरकार ने दिया जॉब ऑफर

हिजाब विवाद से चर्चा में आईं आयुष डॉक्टर नुसरत परवीन को झारखंड सरकार ने जॉब ऑफर दे दिया है। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने शुक्रवार को कहा कि बिहार में महिला डॉक्टर डॉ. नुसरत प्रवीण के साथ हुई अमानवीय और शर्मनाक घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया। उन्होंने नीतीश पर आरोप लगाया कि हिजाब खींचना सिर्फ एक महिला का नहीं, संविधान और इंसानियत का अपमान है।

अंसारी ने कहा कि महागठबंधन सरकार ने डॉ. नुसरत परवीन को झारखंड में 3 लाख रुपये मासिक वेतन की सरकारी नौकरी, मनचाही पोस्टिंग और सरकारी फ्लैट के साथ देने का फैसला लिया है। हालांकि, झारखंड सरकार के इस ऑफर को डॉ. नुसरत स्वीकार करती हैं या फिर वे बिहार सरकार की नौकरी में ही योगदान देती हैं, यह उनका ही फैसला होगा।

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत बिहार में राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं पर गहराई से नजर रखते हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर के मुद्दे पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। जयेश मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं और लाइव हिन्दुस्तान में 4 साल से बिहार टीम का हिस्सा हैं। इससे पहले ईटीवी भारत, इंडिया न्यूज, वे2न्यूज और टाइम्स ऑफ इंडिया में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। समाचार लेखन के अलावा साहित्यिक पठन-लेखन में रुचि है।

और पढ़ें