डबल मर्डर से सासाराम में सनसनी, छत पर सो रहे लिव-इन कपल की गोली मारकर हत्या

हिन्दुस्तान, सासाराम, नगर संवाददाता
Follow us on Google News
share

सासाराम में लिव-कपल की निर्मम हत्या कर दी गयी। हत्यारों ने दोनों को तब गोली मार दी जब घर की छत पर सो रहे थे। 

मृतकों के परिजन
मृतकों के परिजन

बिहार के सासाराम में छत पर सो रहे महिला और पुरुष की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतकों की पहचान 45 वर्षीया नन्हकी देवी और 50 वर्षीय मनी भूषण कुमार के रूप में हुई है। दोनों करीब तीन वर्षों से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। सासाराम मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बेदा बनरसियां गांव के इस हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस गहन छानबीन कर रही है।

इस खौफनाक वारदात से इलाके के लोग आक्रोशित हो गए। उग्र ग्रामीणों ने सोमवार को पुरानी जीटी रोड को जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अफसरों ने मुआवजा और पारिवारिक लाभ की राशि उपलब्ध कराने का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया। पुलिस ने कहा कि जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर लिया जाएगा और इसमें संलिप्त अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।

दुकान चलाते थे कपल

ग्रामीण लोगों से जानकारी मिली है कि मनी भूषण कुमार मूल रूप से बेतिया के रहने वाले थे। करीब एक दशक से बेदा बनरसियां में कृषि बीज की दुकान चलाते थे। वह अविवाहित थे। नन्हकी देवी के पति कृष्ण बिंद की मौत हो चुकी है। दोनों के बीच पहचान बढ़ गई है। कुछ दिनों के बाद दोनों लिव-इन रिलेशन में साथ रहने लगे। नन्हकी देवी का एक बेटा भी है जो साथ ही रहता था।

एसआईटी गठित

मृतका के पुत्र अभिषेक कुमार ने बताया कि रविवार देर रात मां और मनी भूषण कुमार घर की छत पर सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने दोनों को गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर नीचे कमरे में सोए हुए अन्य परिजन जब तक जगे तबतक बदमाश फरार हो चुके थे। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल पर आरंभिक जांच पड़ताल किया और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। एसपी मिस्टर राज ने बताया कि एसआईटी गठित की गई है। हत्या के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

बदमाशों ने नीचे के कमरों को बाहर से बंद कर दिया

छानबीन करने पहुंचे एसडीपीओ-2 संजीव कुमार ने बताया कि बदमाशों ने छत पर जाने से पहले नीचे के कमरों को बाहर से बंद कर दिया। हैंडल में लोहे का सिक्कर लगा दिया था ताकि भागने के दौरान उन्हें कोई रोक नहीं सके। गोली की आवाज और शोर मचाने पर आस पास के लोग जगे तो कमरे का दरवाजा खोला जा सका। सब छत पर गए तो मनी भूषण और नन्हकी देवी खून से लथपथ पड़े थे।

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsडबल मर्डर से सासाराम में सनसनी, लिव-इन कपल की गोली मारकर हत्या