छपरा में अगवा डॉक्टर ने कार से कूदकर बचाई जान, एनकाउंटर में दो किडनैपर को लगी गोली
छपरा में बुधवार रात को अगवा हुए डॉक्टर सजल कुमार ने कार से कूदकर अपनी जान बचा ली। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए अपराधियों के ठिकानों पर छापेमारी की। इसी दौरान एनकाउंटर में दो किडनैपर को गोली लग गई।

बिहार के छपरा में बुधवार देर रात एक बड़े सर्जन डॉक्टर सजल कुमार और उनके केयर टेकर का कुछ अपराधियों ने अपहरण कर दिया। किडनैपर उन्हें कार में डालकर ले जाने लगे। हालांकि, उनके अपहरण की साजिश विफल हो गई। रास्ते में ही डॉक्टर और केयर टेकर कार से कूद गए। इसी आपाधापी में कार एक पोल में टकरा कर क्षतिग्रस्त हो गई। कार में सवार चार से पांच अपराधी गाड़ी से निकलकर वहां से पैदल ही फरार हो गए। गुरुवार को पुलिस एनकाउंटर में दो अपहरणकर्ताओं को पैर में गोली लग गई। पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार डॉ. सजल कुमार छपरा के दहियावां स्थित अपने निजी क्लीनिक से काम निपटाकर रात लगभग 11 बजे नगर थाना क्षेत्र के साधनापुरी स्थित आवास पहुंचे। इस दौरान पहले से घात लगाए चार अपराधियों ने उन्हें अपने कब्जे में लिया। हॉर्न की आवाज सुनकर दरवाजा खोलने पहुंचा केयर टेकर भी अपराधियों के कब्जे में आ गया।
किडनैपर डॉक्टर को नगर पालिका चौक से मौना चौक की ओर ले जा रहे थे। इसी दौरान मौका पाकर डॉ. सजल कुमार कार से कूदकर भागने में सफल हो गए। साहेबगंज रोड की ओर मुड़ते समय केयरटेकर भी कार से कूदकर भाग खड़ा हुआ। सारण एसएसपी कुमार आशीष ने मामले में त्वरित जांच के निर्देश दिए।
पुलिस टीम ने गुरुवार शाम को भगवान बाजार थाना क्षेत्र के पीएन सिंह कॉलेज के पास अपराधियों को पकड़ने के लिए छापेमारी की। तभी आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में दो अपराधियों के पैर में गोली मारकर पकड़ लिया। जख्मी अपराधियों को छपरा के सदर अस्पताल लाया गया। सारण एसएसपी ने घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की जांच की।
लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत बिहार में राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं पर गहराई से नजर रखते हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर के मुद्दे पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। जयेश मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं और लाइव हिन्दुस्तान में 4 साल से बिहार टीम का हिस्सा हैं। इससे पहले ईटीवी भारत, इंडिया न्यूज, वे2न्यूज और टाइम्स ऑफ इंडिया में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। समाचार लेखन के अलावा साहित्यिक पठन-लेखन में रुचि है।
और पढ़ें


