छात्र नेता दिलीप कुमार दरभंगा से MLC चुनाव लड़ेंगे, पटना सीट से राजद के टिकट पर दूर की कंफ्यूजन

लाइव हिन्दुस्तान, पटना
Follow us on Google News
share

छात्र नेता दिलीप कुमार दरभंगा स्नातक सीट से एमएलसी चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि राजद ने पटना स्नातक सीट से जिस दिलीप कुमार को टिकट दिया है, वो कोई और हैं। बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर चुनाव की घोषणा जल्द होने वाली है।

dileep kumar student leader mlc election
dileep kumar student leader mlc election (PTI Photo)

बिहार के चर्चित छात्र नेता दिलीप कुमार ने आगामी विधान परिषद चुनाव में दरभंगा स्नातक एमएलसी सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। वह निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर एमएलसी चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने तेजस्वी यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के टिकट से हुई कंफ्यूजन को भी दूर कर दिया है। दरअसल, राजद ने पटना स्नातक सीट से भी दिलीप कुमार नाम के कैंडिडेट को टिकट दिया है। छात्र नेता दिलीप ने कहा कि राजद ने जिन्हें उम्मीदवार बनाया है, वो मैं नहीं हूं। वह खुद दरभंगा से चुनाव लड़ने जा रहे हैं।

बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर जल्द ही चुनाव की घोषणा होने वाली है। इनमें शिक्षक और स्नातक कोटे की 4-4 सीटें हैं। इन एमएलसी सीटों पर सीधे मतदान के जरिए चुनाव होंगे।

दिलीप कौन हैं?

दरभंगा स्नातक सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ने जा रहे दिलीप कुमार चर्चित छात्र नेता हैं। वह बिहार की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षा के अभ्यर्थियों की आवाज मुखर रूप से उठाते रहे हैं। साल 2024 में बीपीएससी आंदोलन से वे चर्चा में आए थे। पटना में कई बार वह अभ्यर्थियों के साथ धरना-प्रदर्शन कर चुके हैं। इसके चलते उन्हें जेल की हवा भी खानी पड़ी।

चौथे चरण की शिक्षक बहाली भर्ती परीक्षा (बीपीएससी टीआरई-4) के नोटिफिकेशन में देरी और अन्य मुद्दों को लेकर पटना में कई बार उनके नेतृत्व में प्रदर्शन हो चुके हैं। मई 2026 में पुलिस ने उन्हें प्रदर्शन से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पिछले दिनों विभिन्न परीक्षाओं को लेकर हुए आंदोलन में वह अभ्यर्थियों के साथ पटना के गर्दनीबाग में कई दिनों तक डटे रहे थे। बाद में सरकार ने छात्रों की अधिकतर मांगें मान ली।

विधानसभा चुनाव में जब्त हो चुकी है जमानत

दिलीप कुमार ने साल 2025 में हुए बिहार विधानसभा चुनाव में भी किस्मत आजमाई थी। उन्होंने दरभंगा जिले की बहादुरपुर विधानसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ा था। हालांकि, उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ा और उनकी जमानत भी जब्त हो गई। दिलीप को विधानसभा चुनाव में महज 1778 वोट मिले थे।

विधानसभा चुनाव हारने के बाद उन्होंने एमएलसी चुनाव की तैयारी शुरू कर दी। दिसंबर 2025 में ही दिलीप कुमार ने 2026 के अंत में होने वाले विधान परिषद का चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर कर दी थी। उनका कहना है कि वह युवाओं की आवाज सड़क पर तो उठाते ही हैं, चुनाव जीतने के बाद वह सदन के अंदर मजबूती से उनके मुद्दे रख सकेंगे।

दरभंगा में शिक्षक सीट पर कड़ा मुकाबला!

दरभंगा स्नातक सीट पर इस बार महामुकाबला होने की संभावना है। इस सीट से अभी सर्वेश कुमार एमएलसी हैं। उन्होंने 2020 में निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव जीता था। हालांकि, वह एनडीए के हिमायती माने जाते हैं। इस बार भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर वे दोबारा मैदान में उतर सकते हैं। दूसरी ओर, महागठबंधन से राजद ने अनिल कुमार झा को टिकट दे दिया है। छात्र नेता दिलीप कुमार निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर ही चुके हैं, उनकी युवाओं पर अच्छी पकड़ है।

इसके अलावा, प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी भी इस सीट पर जल्द ही कैंडिडेट की घोषणा करेगी। ऐसे में, दरभंगा स्नातक सीट पर चतुष्कोणीय मुकाबला होने की पूरी संभावना नजर आ रही है। दरभंगा स्नातक सीट के लिए बेगूसराय, मधुबनी, दरभंगा और समस्तीपुर जिले के ग्रेजुएट मतदाता वोट डालेंगे। एमएलसी चुनाव की वोटर लिस्ट अलग से बनाई जाती है।

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।

जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsछात्र नेता दिलीप दरभंगा से MLC चुनाव लड़ेंगे, RJD के टिकट पर दूर की कंफ्यूजन