ट्रेन में श्रद्धालुओं से लूट; विरोध पर चाकू मारा; मौनी अमावस्या पर गंगा स्नान के लिए बक्सर आ रहे थे

Jan 18, 2026 01:01 pm ISTsandeep लाइव हिन्दुस्तान, बक्सर
share

बक्सर में दानापुर–बक्सर रेलखंड पर पैसेंजर ट्रेन में हथियारबंद अपराधियों ने महिला श्रद्धालुओं से लूटपाट की। मौनी अमावस्या पर गंगा स्नान को जा रही महिलाओं से नकदी व जेवर लूटे गए। विरोध करने पर गोपालगंज निवासी सूरज ठाकुर को चाकू मारकर घायल कर दिया गया। 

ट्रेन में श्रद्धालुओं से लूट; विरोध पर चाकू मारा; मौनी अमावस्या पर गंगा स्नान के लिए बक्सर आ रहे थे

दानापुर–बक्सर रेलखंड पर शनिवार की रात पैसेंजर ट्रेन में हथियारबंद अपराधियों ने महिला श्रद्धालुओं के साथ लूटपाट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। यह घटना वरुणा और बक्सर रेलवे स्टेशन के बीच हुई, जब मौनी अमावस्या पर गंगा स्नान के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैसेंजर ट्रेन से बक्सर जा रहे थे। अपराधियों ने ट्रेन के एक कोच में घुसकर करीब आधा दर्जन महिला श्रद्धालुओं से नकदी, जेवर और अन्य सामान लूट लिया। लूटपाट का विरोध करने पर अपराधियों ने गोपालगंज जिले के विनोद मटियानी गांव निवासी लक्ष्मण ठाकुर के पुत्र सूरज ठाकुर उर्फ मंगरु ठाकुर पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से सूरज गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद ट्रेन में अफरातफरी मच गई और यात्री दहशत में आ गए। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गया। रविवार को रेल डीएसपी कंचन और दानापुर जीआरपी सर्किल इंस्पेक्टर सुधीर कुमार सिंह ने मामले की जानकारी ली और जांच शुरू कर दी। अधिकारियों ने बताया कि घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।

रेल पुलिस का कहना है कि अपराधियों की संख्या और उनकी गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि अपराधी पहले से हथियारों से लैस थे और ट्रेन की रफ्तार धीमी होने का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। इस घटना के बाद श्रद्धालुओं और यात्रियों में दहशत का माहौल है।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep