
मुजफ्फरपुर में कोहरे का कहर; हाईवे पर आपस में भिड़ीं 10 गाड़ियां, मच गई चीख-पुकार
मुजफ्फरपुर में हाईवे पर घने कोहरे के चलते एक के बाद एक 10 गाड़ियां आपस में टकरा गईं। जिसमें एंबुलेंस चालक समेत 3 लोग घायल हो गए। जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना दरभंगा-मुजफ्फरपुर एनएच की है।
मुजफ्फरपुर में दरभंगा-मुजफ्फरपुर एनएच स्थित कटरा मोड के पास घने कोहरे के कारण आपस में 10 गाड़ियां टकरा गईं। घटना सोमवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे बेनीबाद थाना क्षेत्र की है। इस हादसे में एम्बुलेंस के चालक समेत कुल तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत पास के स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें एसकेएमसीएच रेफर कर दिया है। स्थानीय लोगों की माने तो घटना से पूर्व उक्त एंबुलेंस दरभंगा से मुजफ्फरपुर की ओर जा रही थी। इसी बीच घने कोहरे के कारण दुर्घटना ग्रस्त हो गई।
जिसके बाद पीछे से आ रही एक के बाद दस गाड़ी आपस में टकराती चली गई। इस घटना में एंबुलेंस में सवार चालक समेत तीन लोग जख्मी हो गए। एंबुलेंस भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। हाईवे पर चीख-पुकार मच गई। काफी देर तक यातायात बाधित रहा। हालांकि स्थानीय लोगों की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और स्थानीय लोगों की मदद से जख्मी हो अस्पताल और दुर्घनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवा कर आवागमन को सुचारू रूप से चालू कराया।
वहीं बेनीबाद थाने के प्रभारी थानेदार कुमारी सपना ने बताया कि उक्त एम्बुलेंस मेघालय के शिलांग से एक मरीज को लेकर इलाज के लिए पटना जा रही थी। कोहरे के कारण चालक को आगे खड़ी गाड़ियां दिखाई नहीं दीं और एम्बुलेंस पीछे से टकरा गई। इस घटना में एंबुलेंस दुर्घनाग्रस्त हो गई है। मरीज उस एंबुलेंस में विंडिलेटर पर था। जिसके बाद दूसरी एंबुलेंस बुलाकर मरीज को पटना भेजा गया है। फिलहाल इस घटना में जख्मी तीन जख्मी लोगों का एसकेएमसीएच में इलाज चल रहा है।





