दारोगा की स्कॉर्पियो में महिला के बाल और खून, बिहार के वैशाली में महिला की हत्या में जांच तेज
मृतका सरिता का पति सत्येंद्र पुलिस की पकड़ से बाहर है। पूरा परिवार फरार है। ग्रामीणों ने बताया कि सत्येंद्र पर 2017 में शराब, 2022 में बिजली और 2024 में एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था। वह करताहां थाने के एसआई रहे संतोष रजक की स्कॉर्पियो चलाता था।

बिहार में वैशाली जिले के करताहा बुजुर्ग गांव में गुरुवार रात नवविवाहिता की हत्या कर शव को स्कॉर्पियो में लादकर मृतका के मायके में फेंके जाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। शनिवार देर रात एफएसएल की अधिकारी इच्छा कुमारी के साथ पहुंची टीम ने लालगंज के जलालपुर गांव से बरामद मुजफ्फरपुर जिले के पानापुर करियात थाने के दारोगा की स्कॉर्पियो की जांच की। एसआई संतोष रजक की पुलिस स्टीकर लगी स्कॉर्पियो की जांच में महिला के बाल और खून के धब्बे मिले। गाड़ी से दुर्गंध भी आ रही थी। सोनपुर पुलिस स्कॉर्पियो को जब्त कर साथ ले गई।
मृतका सरिता का पति सत्येंद्र पुलिस की पकड़ से बाहर है। पूरा परिवार फरार है। ग्रामीणों ने बताया कि सत्येंद्र पर 2017 में शराब, 2022 में बिजली और 2024 में एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था। वह करताहां थाने के एसआई रहे संतोष रजक की स्कॉर्पियो चलाता था। पुलिस अधिकारी के साथ फोटो खिंचवाकर रखता था, ताकि लोग उसका भय माने। वह जमीन की दलाली भी करता था।
तीसरी शादी की थी
ग्रामीणों ने बताया कि सरिता प्रकाश से नौ माह पहले इसकी तीसरी शादी हुई थी। पहले दो शादी लालगंज थाने के पोझियां और जंदाहा में हुई थी। जंदाहा की पूजा से हुई शादी में पांच वर्ष की एक बेटी भी है। पहली दोनों पत्नियों को उसने मारपीट कर भगा दिया। लोगों ने यह भी बताया कि सरिता प्रकाश के पिता जयप्रकाश महतो की कुछ जमीन भी करताहां में है, जिसे सत्येंद्र अपने नाम कराना चाहता था। इसके लिए भी पत्नी के प्रताड़ित करता था।



