
दरभंगा के सहायक जेलर की पत्नी की घर में मिली लाश, दहेज हत्या की FIR
मृतका के बड़े भाई शशिभूषण ने पुलिस को बताया कि श्वेता की शादी 31 मई 2023 को शेरपुर निवासी राम अनुज चौधरी के पुत्र नंदू चौधरी से हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी में गाड़ी और पर्याप्त उपहार दिए जाने के बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं था।
बिहार के दरभंगा जिले के मंडल कारा के सहायक जेलर की पत्नी की लाश मिलने से सनसनी मिल गई है। समस्तीपुर में विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव में बुधवार को दरभंगा मंडल कारा के सहायक अधीक्षक नंदू चौधरी की पत्नी श्वेता कुमारी का शव उनकी ससुराल में फंदे से लटकता मिला। मृतका के भाई और पटना के अगमकुआं निवासी शशिभूषण चौधरी ने दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है। उन्होंने इस संबंध में पुलिस को आवेदन दिया है। डीएसपी विवेक कुमार शर्मा और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं।
मृतका के बड़े भाई शशिभूषण ने पुलिस को बताया कि श्वेता की शादी 31 मई 2023 को शेरपुर निवासी राम अनुज चौधरी के पुत्र नंदू चौधरी से हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी में गाड़ी और पर्याप्त उपहार दिए जाने के बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं था। कुछ समय बाद ससुराल वाले 'फॉर्चूनर' गाड़ी की मांग करने लगे। इसके लिए श्वेता को प्रताड़ित किया जा रहा था।
शशिभूषण के अनुसार विवाद को लेकर पहले भी कई बार सामाजिक स्तर पर समझौते के प्रयास किए गए लेकिन प्रताड़ना जारी रही। दूसरी ओर, चर्चा है कि पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद श्वेता ने बच्चे को सास को सौंपा और कमरे में जाकर आत्मघाती कदम उठा लिया।
डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने कमरे से नमूने एकत्र किए हैं। थानाध्यक्ष सूरज कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह हत्या है या आत्महत्या। इस संबंध में दरभंगा मंडल कारा की अधीक्षक स्नेहलता ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। सहायक अधीक्षक 10 दिनों से छुट्टी पर हैं। उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ है।





