मां ने फोन चलाने से मना किया, 16 साल की बेटी ने दे दी जान; परिवार में कोहराम
बरौली थानाध्यक्ष कुमारी अलका सिन्हा ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर मृतका की मां से पूछताछ की गई तो उसने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। उसने बताया कि वह घर से बाहर गई हुई थी। इसी दौरान उसकी बेटी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

बिहार में गोपालगंज जिले के बरौली थाना क्षेत्र के कहला अहिर टोली गांव में शनिवार की सुबह मोबाइल चलाने से मना किए जाने से नाराज एक 16 वर्षीया किशोरी ने फांसी के फंदे से झूलकर अपनी जान दे दी। मृतका सुनील यादव की बेटी ज्योति कुमारी थी। घटना की सूचना मिलने के बाद बरौली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन की। इसके बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मॉडल सदर अस्पताल भेज दिया। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि ज्योति कुमारी को उसकी मां कोई काम करने के लिए कह रही थी, लेकिन वह मोबाइल चलाने में व्यस्त थी। इसको लेकर मां ने उसे फटकार लगा दी।
इससे नाराज होकर वह अपने कमरे में गई और फांसी के फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। बरौली थानाध्यक्ष कुमारी अलका सिन्हा ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर मृतका की मां से पूछताछ की गई तो उसने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। उसने बताया कि वह घर से बाहर गई हुई थी। इसी दौरान उसकी बेटी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। थानाध्यक्ष ने बताया कि एफएसएल की टीम भी मौके पर जांच करने के लिए पहुंची थी। उधर किशोरी की मौत के बाद परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
महिला की संदिग्ध हालत में गई जान
इधर गड़खा के कसीना गांव में शुक्रवार की रात एक विवाहिता की फांसी लगने से मौत का मामला सामने आया है। लोग इसे सुसाइड का मामला बता रहे हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल है। मृतका हिना देवी गड़खा थाना क्षेत्र के कसीना गांव निवासी मनीष सिंह की पत्नी थी। शनिवार सुबह काफी देर तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। कई बार आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तब घरवालों ने दरवाजा खोला।
अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। हीना देवी का शव फंदे से झूल रहा था। इसके बाद परिजनों में चीख- पुकार मच गई और तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही गड़खा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया है। घटना के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। गांव में यह भी चर्चा है कि मृतका ने घटना से पहले अपने मोबाइल फोन में एक सुसाइड वीडियो रिकॉर्ड किया था। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।


