
बेटी ने किया था लव मैरिज, दामाद पर सास की हत्या का आरोप; थाना पहुंचा फेमिली ड्रामा
नथुनी यादव ने बताया कि उनकी बड़ी बेटी ने छह माह पूर्व गांव के ही अंगुर मुखिया उर्फ अजीत के साथ प्रेम विवाह कर लिया। छोटी बेटी की शादी में वह मायके आई थी। वापस ले जाने के लिए उसके ससुराल वाले विवाद कर रहे थे।
बिहार के बेतिया में एक महिला की मौत के मामले में दामाद और उसके पिता को आरोपी बनाकर एफआईआर दर्ज कराया गया है। मृतका की बड़ी बेटी ने लव मैरिज किया था। छोटी बेटी की शादी में आई बड़ी बेटी के ससुराल जाने को लेकर विवाद हो गया। महिला अपने बड़े दामाद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने थाना जा रही थी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। नौतन के लक्ष्मीपुर गांव की है।
परिवार से मिली जानकारी मुताबिक शांति देवी (35) अपने बेटे आशु यादव के साथ बाइक पर बैठकर नौतन थाना में शिकायत दर्ज कराने जा रही थी। रास्ते में उनकी बेटी से प्रेम विवाह रचाने वाले दामाद और उसके सहयोगियों ने बाइक से गिरा दिया। गुरुवार की सुबह 10 बजे घटी। इस घटना में जख्मी लक्ष्मीपुर निवासी नथुनी यादव की पत्नी शांति देवी की मौत जीएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां देर शाम हो गयी। शुक्रवार की सुबह शांति देवी के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया गया है।
इस मामले में नौतन थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार पासवान ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजनों के अनुसार घटना सरेह में घटी है। वहां पूछताछ करने पर इस तरह की घटना के बारे में किसी ने जानकारी नहीं दी है। छानबीन कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
इधर शांति देवी के शव को पोस्टमार्टम कराने पहुंचे नथुनी यादव ने बताया कि उनकी बड़ी बेटी ने छह माह पूर्व गांव के ही अंगुर मुखिया उर्फ अजीत के साथ प्रेम विवाह कर लिया। इस मामले में एफआईआर दर्ज करायी गयी थी। न्यायालय के आदेश पर लड़की अपने प्रेमी के घर चली गयी थी। इधर 30 नवंबर को छोटी बेटी की शादी थी। शादी में बुलाने के लिए बड़ी बेटी ने अपनी मां शांति देवी को फोन किया था। चुकि दोनों परिवारों में अच्छे संबंध नहीं थे इसलिए स्थानीय सरपंच के समक्ष हुई पंचायती में कागज बनाकर बड़ी बेटी को शादी में बुलाया गया था।
चार दिसंबर को उसे वापस जाना था। समय पूरा होने के दो दिन पहले से ही अंगुर मुखिया उर्फ अजीत तथा उसके परिजन लड़की को ले जाने के लिए वाद-विवाद कर रहे थे। इसकी शिकायत करने के लिए शांति देवी पुत्र आशु यादव के साथ बाइक से नौतन थाना जा रही थी। इसी दौरान सरेह में बाइक से पीछा कर अंगुर मुखिया उर्फ अजीत, रंगीला मुखिया उर्फ बढू मुखिया, जुगनू मुखिया तथा संदीप मुखिया ने बाइक पर पीछे बैठी शांति देवी को धकेल दिया जिससे वह गिर गयी और उनके सिर में गंभीर चोटें आयी। उन्हें जीएमसीएच अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी।





