
मां को लूटकर भाग रहीं स्प्रे वाली महिला चोरों को बेटी ने पकड़ा, 3 KM तक पीछा किया
छपरा में मां के गहने लूट कर भाग रहीं स्प्रे वाली महिला चोरों को बेटी ने 3 किमी पीछा करके पकड़ा। इस दौरान वो घायल भी हो गई। लड़की के सराहनीय कदम की पुलिस से लेकर ग्रामीण भी तारीफ कर रहे हैं।
छपरा शहर के स्थानीय थाने के समस्तपुरा गांव की महिला गीता देवी को नशीला स्प्रे देकर बेहोशी में गहने उड़ाने वाली दो महिलाएं पकड़ ली गईं। पीड़िता की बेटी ने ही दोनों को चार किलोमीटर पीछा कर काफी जद्दोजहद के साथ पकड़ा और ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस के हवाले किया। पकड़ी गई महिला चोर भगवान बाजार थाने के जान टोला गांव की गोरा देवी व चंदा देवी बतायी जाती है। दोनों महिला चोर को दबोचने के दौरान किशोरी जख्मी हो गई।
जानकारी के अनुसार, भेल्दी थाने के समस्तपुरा गांव के शंकर महतो की पत्नी गीता देवी अपनी पुत्री पुष्पा उर्फ पुतुल कुमारी के साथ शनिवार की शाम बाजार सामान खरीदने गई थी। मां बाजार से सामान खरीदकर एनएच 722 के किनारे खड़ी थी और बेटी दवा लाने गई थी। इसी बीच दो महिला चोर बहलाकर आगे ले गई और नशीला स्प्रे छिड़क कर उसे बेहोश कर दी। इसके बाद गले से मंगलसूत्र, टॉप्स, जिउतिया व माता दुर्गा का लॉकेट लेकर टोटो से भागने लगी। तभी मां को खोजते हुए पहुंची तो देखा कि मां अचेत है। मां को झकझोरा तो होश आया।
उन्होंने पुत्री को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। पुत्री ऑटो पकड़कर तीन किलोमीटर पीछा कर कटसा के समीप दोनो महिला चोरों को रोककर उलझ गई और धर दबोचा। मारपीट के दौरान पुतुल जख्मी हो गई। ग्रामीण जुट गए और पुलिस को बुला दोनों महिला चोर को सुपुर्द कर दिया। गिरफ्तार महिला चोर के झोले से कई प्रकार की दवाइयां मिलीं।
समस्तपुरा गांव के शंकर महतो की साहसी बेटी साहस का परिचय देते हुए महिला चोरों से खूब लड़ी, जूझती रही। जख्मी होकर भी अपनी मां के आभूषण को बचायी। अपनी मां के आभूषण को बचाने के लिए उसने करीब तीन किलोमीटर की दूरी टेम्पो से तय की और महिला चोरों को धर दबोचा। छात्रा पुष्पा उर्फ पुतुल ने पूरे घटनाक्रम भी बताया
पुष्पा ने कहा कि महिला चोर जब उसकी आंख के नीचे जोरदार प्रहार की तो एक समय ऐसा लगा कि वह अचेत होकर गिर पड़ेगी, मगर वह हार नहीं मानी और महिला चोर को पकड़ जब शोर मचाई तो लोग जुट गए और दोनों को दबोच लिया। पुलिस ने महिला चोरों के पास से जेवर को बरामद कर दोनों को मंडल कारा छपरा भेज दिया। दसवीं की छात्रा पुष्पा उर्फ पुतुल के इस साहसी कदम की पुलिस से लेकर ग्रामीण जनता भी सराहना कर रही है।





