रेलवे लाइन पर दो टुकड़ो में मिला बीए के छात्र का शव
दरभंगा में 21 वर्षीय ऋषभ कुमार का शव रेलवे ट्रैक पर दो हिस्सों में मिला। वह परीक्षा देकर घर लौटा था और परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से ऋषभ का मोबाइल फोन नहीं मिला। जांच जारी है।

संजय लाला,दरभंगा। शाम को दोस्तों के साथ घर से निकले युवक का शव दो हिस्सों में कटा हुआ बहादुरपुर थाना क्षेत्र के 21 एवं 22 नंबर गुमटी के बीच ट्रैक पर मिला है। मृतक की पहचान बेंता थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-35 शाहगंज निवासी संजीत कुमार के पुत्र ऋषभ कुमार (21) के रूप में की गई। ऋषभ बीए की परीक्षा देकर घर लौटा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है। हादसा दरभंगा-लहेरियासराय रेल खंड पर बुधवार सुबह में हुआ है। ऋषभ की मौत की जानकारी मिलने पर परिजन व मोहल्ला वासी पोस्टमार्टम हाउस परिसर में जमा हो गए।
परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है। ऋषभ मंगलवार को परीक्षा देकर घर लौटा था। बुधवार देर रात तक वह घर नहीं लौटा तो परिनजों ने मोबाइल पर कॉल किया। लेकिन रिसीव नहीं हुआ। रात करीब 12 बजे के बाद मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। परिजनों के अनुसार पूरी रात वे उसकी तलाश करते रहे लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह करीब 9.30 बजे पुलिस ने सूचना दी कि 21 और 22 नंबर गुमटी के बीच युवक का शव मिला है। उसकी पहचान ऋषभ के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार घटनास्थल से ऋषभ का मोबाइल फोन नहीं मिला है।इस दौरान केवल कवर पड़ा हुआ था। परिजनों ने बताया कि ऋषभ का किसी से कोई विवाद नहीं था। वह पढ़ाई में भी ठीक था। बहादुरपुर बहादुरपुर थानाध्यक्ष प्रसुंजय कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। अभी तक परिजन की ओर से आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि वे अपने स्तर से जांच कर रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


