जाले:छज्जी टूटने से घायल हुआ मजदूर
गर्री पंचायत के कमलपुर गांव में एक मजदूर अभिषेक कुमार (20) पानी टंकी से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के दौरान कमजोर छज्जी टूट गई, जिससे वह सीढ़ी के साथ नीचे गिर गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। इस घटना ने निर्माण में अनियमितता और सुरक्षा उपायों की कमी को उजागर किया है।

विजय कुमार ठाकुर,जाले। गर्री पंचायत के कमलपुर गांव में रविवार को नल-जल की पानी टंकी से उतरने के दौरान मजदूर अभिषेक कुमार (20) गिर जाने से गंभीर रूप से जख्मी हो गया। वह मुजफ्फरपुर जिले के कटरा थाना क्षेत्र के कटरा निवासी श्याम सहनी का पुत्र है। वह पानी टंकी चढ़ाकर उतर रहा था कि सीढ़ी लगी कमजोर छज्जी भरभराकर टूट गई। इस वजह से वह सीढ़ी के साथ जमीन पर गिर गया। इसके बाद वहां पर कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पानी टंकी की छज्जी काफी कमजोर थी, जिसपर लोहे की सीढ़ी लगी हुई थी।
मजदूर के उतरने के वक्त छज्जी टूट गई। मजदूर सीढ़ी के साथ जमीन पर जा गिरा। उसे इलाज के लिए स्थानीय सीएससी में भर्ती कराया गया, जहां से उसे डीएमसीएच रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार उसके परिजनों ने उसे मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया है। फिलहाल वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है। लोहे की सीढ़ी के छज्जी सहित टूटकर गिर जाने से एक-दो मजदूर पानी टंकी पर फंस गए। उन्हें ग्रामीणों ने रस्सी के सहारे सुरक्षित नीचे उतारा।इस घटना ने पानी टंकी के निर्माण में बरती गई अनियमितता एवं घटिया निर्माण का पोल खोल दी है। वहीं दूसरी ओर कार्य एजेंसी द्वारा मरम्मत कार्य के लिए मजदूरों को सेफ्टी किट नहीं दिए जाने का भी मामला उजागर हुआ है। ग्रामीणों का कहना था कि विभाग को इस मामले को गंभीरता से लेनी चाहिए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


