शादी रुकवाने के लिए थाने पहुंची पत्नी
सिमरी थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपने पति की दूसरी शादी रुकवाने के लिए थाना में आवेदन दिया। उसने दहेज के लिए प्रताड़ित करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। महिला का कहना है कि शादी के बाद से उसे मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

शैलेन्द्र कुमार,सिंहवाड़ा। सिमरी थाना क्षेत्र के एक गांव की एक महिला अपने पति की होने वाली दूसरी शादी रुकवाने के लिए थाना पहुंची। पति की होने वाली दूसरी शादी रुकवाने के साथ-साथ उसने दहेज के लिए प्रताड़ित करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया। पीड़िता ने सिमरी थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी वर्ष 2011 में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार विक्की यादव के साथ हुई थी। शादी के बाद कुछ समय तक सब कुछ सामान्य रहा। बाद में ससुराल वालों का व्यवहार बदल गया। महिला का आरोप है कि उसके ससुर किशोरी यादव, पति विक्की यादव समेत परिवार के अन्य सदस्य दहेज में पचास हजार रुपये की मांग करने लगे।
मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट एवं मानसिक प्रताड़ना की जाती थी। महिला ने बताया कि उसे कई बार खाना नहीं दिया गया तथा गर्म पानी डालकर प्रताड़ित करने का प्रयास भी किया गया। लगातार हो रही प्रताड़ना के कारण वह अपने मायके चली गई। बाद में पारिवारिक समझौते के बाद वह फिर पति के साथ दिल्ली में रहने लगी। वहां भी प्रताड़ना जारी रहा। आरोप लगाया कि इसी बीच उसके पति ने उससे दूरी बना ली और अब परिवार वाले मिलकर उसकी दूसरी शादी कराने की तैयारी कर रहे हैं। कहा मुजफ्फरपुर जिले के तिरसी थाना क्षेत्र में शादी की बातचीत चल रही है। महिला का कहना है कि जब उसके परिजनों ने दूसरी शादी का विरोध किया तो उन्हें धमकी देकर भगा दिया गया। विरोध करने पर पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़िता ने पति विक्की यादव, ससुर किशोरी यादव तथा अन्य आरोपितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने एवं दूसरी शादी रुकवाने की मांग की है।सिमरी के अपर थानाध्यक्ष शशि शंकर ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आलोक में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इस मामले में कार्रवाई तेज कर दी गई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


