Water Supply Issues and Poor Road Conditions in Darbhanga s New Gangasagar Neighborhood न्यू गंगासागर मोहल्ले में अधूरे सड़क निर्माण व जलजमाव से लोग परेशान, Darbhanga Hindi News - Hindustan
Hindi NewsBihar NewsDarbhanga NewsWater Supply Issues and Poor Road Conditions in Darbhanga s New Gangasagar Neighborhood

न्यू गंगासागर मोहल्ले में अधूरे सड़क निर्माण व जलजमाव से लोग परेशान

दरभंगा नगर निगम के न्यू गंगासागर मोहल्ले में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। लीकेज के कारण पानी घरों तक नहीं पहुंचता और सड़क जर्जर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अधूरी सड़क और खराब सफाई के कारण आवाजाही...

Newswrap हिन्दुस्तान, दरभंगाSun, 14 Sep 2025 05:06 PM
share Share
Follow Us on
न्यू गंगासागर मोहल्ले में अधूरे सड़क निर्माण व जलजमाव से लोग परेशान

दरभंगा नगर निगम के वार्ड-26 स्थित न्यू गंगासागर मोहल्ले में बुनियादी सुविधाएं बेपटरी हैं। वाटर पाइप लीकेज व भरे नालों का गंदा पानी जर्जर सड़क पर बहता है। इससे आवाजाही मुश्किल हो गई है। लोग सड़क के बीच बने नालों के ऊंचे स्लैब दिखाते हैं और नवनिर्मित नाले के ऊंचे-नीचे व टेढ़े-मेढ़े डिजाइन पर सवाल खड़े करते हैं। लोगों का कहना है कि इंजीनियर की गैरमौजूदगी में मापदंड के विपरीत नाला तो बन गया है, पर सर्वोदय हाई स्कूल से भठियारीसराय जाने वाली सड़क का निर्माण अधूरा है। इस वजह से रोजाना आवाजाही करने वाले हजारों छात्रों व मोहल्ले के लोगों की परेशानी बढ़ी हुई है।

ऊबड़-खाबड़ रोड के चलते कई साइकिल-बाइक सवार छात्र गिरकर चोटिल हो चुके हैं। लोग इस स्थिति का जिम्मेदार निगम के सुस्त सिस्टम को मानते हैं। बताते हैं कि अधिकारियों की मॉनिटरिंग के अभाव में विकास कार्य असुविधाओं का कारण बना है।

जर्जर सड़क पर अतिक्रमण व जलजमाव : न्यू गंगासागर मोहल्ला मारवाड़ी कॉलेज व सर्वोदय हाई स्कूल के बीच से भटियारीसराय तक फैला है। इस एरिया में कई जनप्रतिनिधि, प्रबुद्धजनों के साथ मध्यम व गरीब तबके रहते हैं। मुकेश कुमार यादव, रवि कुमार, डॉ. पीआर तरुण, दिवाकर कुमार, संजीव कुमार,अभय प्रियदर्शी, पवन साह, मदनेश्वर गिरी आदि बताते हैं कि मोहल्ले में 30-35 कोचिंग सेंटर हैं। साथ ही हाई स्कूल व मारवाड़ी कॉलेज है। इसके कारण रोजाना आठ-10 छात्रों के साथ करीब 15 हजार मोहल्ले के लोग आवाजाही करते हैं। उन्होंने बताया कि सर्वोदय हाई स्कूल से भटियारीसराय रोड मोहल्ले की लाइफलाइन है। इसके बावजूद कई जगह अतिक्रमित है और बरसात में डूब जाती है। महीनों पहले सड़क निर्माण शुरू हुआ तो लगा कि अब कठिनाइयों का अंत होगा, पर कार्य अधूरा रहने से लोग निराश हैं। उन्होंने बताया कि ऊबड़-खाबड़ रास्ते से बीमार लोगों को अस्पताल पहुंचाना बड़ी चुनौती बन जाती है। भारी मशक्कत के बाद भी एंबुलेंस यकायक उछल पड़ती है और बीमारों का दर्द बढ़ जाता है। निगम अधिकारियों को संज्ञान लेकर निर्माण पूर्ण कराना चाहिए।

लीकेज से घरों में नहीं पहुंचता पानी, लाइट भी खराब : सर्वोदय हाई स्कूल से भटियारीसराय रोड कोतवाली चौक से दोनार जाने वाली सड़क को जोड़ती है। रोड के एक तरफ न्यू गंगासागर मोहल्ला तो दूसरी ओर वार्ड 28 का मोगलपुरा मोहल्ला है। रामभरोस रंजन, भागवत कुमार महतो, राजदेव शाह, मदनेश्वर गिरि, ओमप्रकाश, पवन साह, मुकेश कुमार आदि बताते हैं कि साफ-सफाई का अभाव है। साथ ही हर घर नल योजना भी उपयोगी नहीं है। कम गहराई पर गड़ी वाटर पाइप वाहनों की रगड़ से जगह-जगह फूटी है। इसके कारण सप्लाई होने पर पानी घरों के नल से टपकने के बजाय सड़क पर बहता है। उन्होंने बताया सड़क किनारे लगी अधिकतर स्ट्रीट लाइट खराब है। इसके चलते शाम होते ही अंधेरा छा जाता है और लोग सड़क के गड्ढों में फंसकर गिर पड़ते हैं। साथ ही उच्चके इसका फायदा उठाते हैं।

-बोले जिम्मेदार-

न्यू गंगासागर मोहल्ले में नियमित रूप से सफाई का काम कराया जा रहा है। इसके बावजूद वहां के लोग अगर शिकायत करते हैं तो संबंधित कर्मचारी को इस दिशा में आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। इसके अलावा, वहां जलजमाव की समस्या होने पर नगर निगम की ओर से टैंकर से पानी खींचकर जलनिकासी करायी जाती है। पेयजल के लिए टैंकर भेजे जाता है।

- रवि अमरनाथ, सिटी मैनेजर

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।