मुख्य चौक-चौराहों की नहीं होती साफ-सफाई

Newswrap हिन्दुस्तान, दरभंगा
share

बेनिपुर में कचरा प्रबंधन की स्थिति गंभीर है। नगर परिषद की सफाई व्यवस्था में हर माह 35 लाख रुपये खर्च हो रहे हैं, लेकिन भरत चौक पर कचरे का ढेर लगा हुआ है। स्कूल के पास अघोषित कचरा डंप से छात्राएं बीमार हो रही हैं। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से शीघ्र सफाई और ब्लीचिंग पाउडर छिड़कने की मांग की है।

मुख्य चौक-चौराहों की नहीं होती साफ-सफाई

विजय राय,बेनीपुर। शहर की साफ-सफाई कार्य की हवा निकल रही है। नगर परिषद क्षेत्र के एक वार्ड में कचरा सफाई के लिए प्रत्येक माह एक लाख बीस हजार रुपए खर्च हो रहे हैं। 29 वार्ड पर तकरीबन 35 लाख रुपये प्रति माह पानी की तरह बहाया जा रहा है। शहर के अति व्यस्त भरत चौक पर कचरे का अंबार है। सरकारी एवं निजी शैक्षणिक संस्थान के अलावा मेडिकल हब भी है। सूत्रों के मुताबिक प्लस टू प्रोजेक्ट गर्ल हाई स्कूल के मेन गेट के पास नप प्रशासन ने अघोषित कचरा डंप बना दिया है। विद्यालय जाने वाली छात्राएं, शिक्षक, शिक्षिका एवं राहगीर बदबू से बचने के लिए नाक पर रुमाल डालकर आ जा रहे हैं।

प्रदूषित वातावरण से कई छात्राएं बीमार पड़ रहीं हैं।स्थानीय लोगों ने नप प्रशासन से कचरे को शीघ्र हटवाने तथा ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करवाने की गुहार लगायी है। इधर, जानकार सूत्रों के मुताबिक नप के 29 वार्ड तथा चौक-चौराहों की नियमित साफ-सफाई के लिए लंबी फौज है। करीब 90 सफाई कर्मी, 15 पर्यवेक्षक, एक निरीक्षक व स्वच्छता अधिकारी रहने के बावजूद डोर टू डोर सफाई नहीं हो रही है। सिटी प्रबंधक डॉ. अंजली कुमारी ने प्लस टू प्रोजेक्ट गर्ल स्कूल बेनीपुर के मुख्य गेट के पास महीनों से जमा कचरा नहीं हटाने के संबंध में कहा कि सफाई निरीक्षक कचरा साफ होने की जानकारी दी है। सिटी मैनेजर को कचरे के अंबार का मंगलवार को फोटो उपलब्ध कराने पर कहा कि मैं स्वयं निरीक्षण कर कचरा हटवाऊंगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।