सड़क पर बाइक लगाने पर कुमरौल में बवाल
घनश्यामपुर के कुमरौल गांव में बाइक लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच भयंकर मारपीट और रोड़ेबाजी हुई। इस घटना में महिलाओं समेत कई लोग घायल हुए, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर है। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी है।

घनश्यामपुर। घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के कुमरौल गांव में शनिवार की शाम सड़क पर बाइक लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच भीषण मारपीट और रोड़ेबाजी हो गई। घटना के बाद एक पक्ष ने 20 नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। दूसरे पक्ष ने 12 नामजद व अन्य अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कराया है। जानकारी के अनुसार गांव में वैद्यनाथ राम के घर मुण्डन समारोह चल रहा था। परिवार के सदस्य और ग्रामीण घर के बाहर मौजूद थे। इसी दौरान बाइक से आए तीन युवकों द्वारा रास्ते पर बाइक खड़ी करने को लेकर विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि इस दौरान कथित तौर पर जातिसूचक टिप्पणी करते हुए गाली-गलौज की गई। विरोध करने पर युवकों ने फोन कर अपने समर्थकों को बुला लिया। कुछ ही देर में 15-20 लोग लाठी-डंडा, लोहे के रॉड और अन्य हथियारों से लैस होकर पहुंचे और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। रोड़ेबाजी से पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। घटना में महिलाओं सहित करीब दर्जनभर लोग घायल हुए हैं, जिनमें सात की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों में रंजन राम, सूरज राम, गुलाब देवी, मीना देवी, जोगिंदर राम, चंद्ररेखा देवी और लालजी राम के सिर फट गए। वहीं प्रीति कुमारी, नुनुआ देवी, सुनील राम, दुलारी देवी, सोनाय राम और कंचन देवी समेत कई लोगों के हाथ-पैर व शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को पहले घनश्यामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान महिलाओं के गले से मंगलसूत्र और कान की बाली समेत सोने के जेवर भी छीन लिए गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस वाहन देखते ही कई आरोपित फरार हो गए। थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है। शांति व्यवस्था बहाल करने के लिए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



