ईंट चोरी के विवाद में हुई मारपीट, अधेड़ की मौत

Mar 02, 2026 12:35 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, दरभंगा
share Share
Follow Us on

गौड़ाबौराम के झगरुआ गांव में रविवार सुबह एक आपसी विवाद के चलते दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई, जिसमें 50 वर्षीय अब्दुल सलाम की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया है और जिला प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात किया है। मृतक के शरीर पर कोई बाहरी जख्म नहीं पाए गए हैं।

ईंट चोरी के विवाद में हुई मारपीट, अधेड़ की मौत

गौड़ाबौराम। जमालपुर थाना क्षेत्र के झगरुआ गांव में रविवार अलसुबह आपसी विवाद में दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में अधेड़ अब्दुल सलाम (50) की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में भारी तनाव है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने भारी पुलिस बल के साथ मोर्चा संभाल लिया है। दंगा निरोधक दस्ते को भी बुलाया गया है। ग्रामीणों के अनुसार, महादलित टोला निवासी मनीष राम की ईंट शनिवार रात किसी ने चुरा ली थी। रविवार सुबह मनीष अपने घर के पास खड़े होकर इसी बात को लेकर अनाप-शनाप बोल रहा था। इसके बाद दूसरे पक्ष के लोग वहां पहुंचे और उसे रोकना चाहा।

इससे विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। मारपीट के दौरान ही अब्दुल अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। आनन-फानन में ग्रामीणों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। किरतपुर अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. पीके ठाकुर ने बताया कि मृतक के शरीर पर बाहरी जख्म के कोई निशान नहीं पाए गए हैं। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए डीएम कौशल कुमार और एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी दल-बल के साथ झगरुआ गांव पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की। इससे पूर्व, बिरौल एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पहुंचकर बिगड़ती स्थिति को संभाला। पुलिस का कहना है कि स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।