कांग्रेस के दो गुटों के बीच भिड़ंत में दो जख्मी

Newswrap हिन्दुस्तान, दरभंगा
share

सिंहवाड़ा में 27 अगस्त को होने वाली वोटर अधिकार यात्रा की तैयारी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हुई। इसमें डॉ. मशकूर उस्मानी गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें पीएमसीएच रेफर...

कांग्रेस के दो गुटों के बीच भिड़ंत में दो जख्मी

सिंहवाड़ा। जिले में आगामी 27 अगस्त को होने वाली वोटर अधिकार यात्रा की तैयारी के लिए सिमरी में बनाये जा रहे मंच पर सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं के दो गुटों के बीच जमकर भिड़ंत हो गई। इसमें जाले के कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी डॉ. मशकूर उस्मानी समेत दो नेता गंभीर रूप से घायल हो गए। डॉ. उस्मानी को इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया गया। उनकी हालत गंभीर देख वहां से उन्हें पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। वहीं, दूसरे पक्ष के कांग्रेसी नेता देउरा बंधौली निवासी मो. नौशाद भी चोटिल हो गए। उनका इलाज स्थानीय चिकित्सक से कराया गया। सिमरी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने कहा कि घटना की जानकारी वरीय अधिकारियों को देते हुए अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।

जानकारी के अनुसार वोटर अधिकार यात्रा में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर महागठबंधन समर्थक दरभंगा-मुजफ्फरपुर उच्च पथ 27 पर जगह-जगह मंच, होर्डिंग, गेट आदि बनाने में लगे हुए हैं। इस दौरान अतरबेल स्थित एक होटल पर भी मंच का निर्माण किया जा रहा था। बताया गया है कि इस दौरान डॉ. मशकूर उस्मानी ने अपने समर्थकों के साथ वहां आकर अपना बैनर-पोस्टर व मंच बनाना चाहा। इस बीच दोनों नेताओं व समर्थकों के बीच बांस-बल्ले से मारपीट शुरू हो गयी। हमले को देखते हुए दरभंगा-मुजफ्फरपुर उच्च पथ 27 पर सिमरी में एक लाइन होटल के सामने अफरातफरी की स्थिति हो गई। बांस-बल्ले से हो रहे प्रहार के बीच उच्च पथ पर आवागमन बाधित हो गया। मौके पर पहुंची सिमरी पुलिस ने मामले को शांत कराया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के दो गुटों में जमकर हुई मारपीट के बाद सिमरी पुलिस ने मंच की निगरानी बढ़ा दी है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।