मजदूरी मांगने पर घर में घुसकर किया हमला
दरभंगा में एक राजमिस्त्री के घर पर दबंगों ने हमला किया, जब उसने बकाया मजदूरी मांगी। परिवार और पड़ोसियों को लाठी-डंडे से पीटा गया और घर का सामान बिखेर दिया गया। पीड़ितों को गंभीर चोटों के साथ अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आवेदन लेने से इनकार कर दिया है।

दरभंगा। गांव में बकाया मजदूरी मांगने पर शनिवार को दबंगों ने राजमिस्त्री के घर पर हमला कर दिया। घर में घुसकर परिजनों के अलावा उन्हें बचाने पहुंचे पड़ोसियों की रॉड और लाठी से पिटाई की गई। घर में रखे सामान को भी तहस-नहस कर दिया गया। जख्मियों को इलाज के लिए पीएचसी ले जाया गया। वहां से उन्हें डीएमसीएच रेफर कर दिया गया। घायलों में कई लोगों के सिर और शरीर पर गंभीर जख्म हैं। घायलों में विक्रम पासवान (40), सुदामा देवी (48), रामतारा देवी, ममता देवी पासवान, राजगीर पासवान (28), अजय पासवान (19), जिगर पासवान (26), अविनाश पासवान, कोमल कुमारी (14), श्यामला देवी (30) आदि हैं।
पीड़ित विक्रम पासवान ने बताया कि उनका बड़ा भाई भाई कैलाश पासवान राजमिस्त्री का काम करता है। वर्ष 2015 में उसने हरीनगर निवासी हेमंत झा के मकान का निर्माण किया था। निर्माण कार्य के एवज में करीब ढाई लाख रुपये अब भी बकाया है। बार-बार पैसे मांगने पर पिछले 10 वर्षों से टालमटोल किया जा रहा था। कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। उन्होंने आरोप लगाया कि शुक्रवार को कैलाश बकाया राशि मांगने उनके घर पर गया था। इसी दौरान नोंकझोंक हुई थी। इससे आक्रोशित होकर हेमंत झा व उनके गुर्गों ने शनिवार की सुबह करीब आठ बजे घर में घुसकर लाठी-डंडा व पगारिया से पूरे परिवार पर हमला कर दिया। महिलाओं और बच्चों को भी बक्शा नहीं गया। पीड़ितों का आरोप है कि घटना के बाद वे कुशेश्वरस्थान थाने में आवेदन देने गए, लेकिन पुलिस ने आवेदन लेने से इनकार कर लौटा दिया। फिलहाल सभी घायल डीएमसीएच में इलाजरत हैं। इस संबंध में थानाध्यक्ष अंकित चौधरी ने कहा कि अभी आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने पर नियमानुकूल कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




