युवक को कुचल घर में घुस गया बेकाबू ट्रक, पति-पत्नी जख्मी
बिरौल में एक अनियंत्रित ट्रक ने नेउरी गांव में एक युवक मिथुन कुमार सहनी को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। ट्रक बगल के घर में घुसने से पति-पत्नी बिंदे देवी और आरती देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में लिया है।
बिरौल। बिशनपुर- बेनीपुर मुख्य सड़क पर शनिवार की देर रात नेउरी गांव में एक युवक को कुचलते हुए अनियंत्रित ट्रक बगल के घर की दीवार तोड़ते हुए अंदर घुस गया। गंभीर रूप से जख्मी युवक की अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हो गई। ट्रक के घर में घुसने से अंदर मौजूद पति-पत्नी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दोनों का इलाज बेनीपुर स्थित अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा है। मृतक नेउरी गांव निवासी योगेंद्र साहनी का 26 वर्षीय पुत्र मिथुन कुमार सहनी था। अस्पताल में इलाजरत दंपत्ति की पहचान बिंदे देवी एवं उनकी पत्नी आरती देवी के रूप में की गई है।
रविवार को डीएमसीएच में पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया गया। ग्रामीणों के अनुसार रात करीब नौ बजे सुपौल बाजार स्थित एफसीआई गोदाम से खाद्यान्न अनलोड कर ट्रक दरभंगा की ओर जा रहा था। इसी दौरान नेउरी गांव में सड़क किनारे खड़ी बाइक को ठोकर मारने के बाद ट्रक ने बगल में खड़े मिथुन कुमार को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद दीवार को तोड़ते हुए वह बिंदे सहनी के घर में घुस गया। मिथुन की मौत से उसके परिजनों के बीच कोहराम मच गया है। पिता योगेंद्र साहनी एवं माता शांति देवी का रो रो कर बुरा हाल बन गया है। थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को पुलिस जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया गया है। मृतक के परिजन की ओर से आवेदन मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




