
हायाघाट में ट्रेन की चपेट में आने से अभंडा के अधेड़ की हुई मौत
दरभंगा-समस्तीपुर रेलखंड पर एक अधेड़ की ट्रेन से कटने से मौत हो गई। मृतक विजय कुमार सहनी मछली पकड़ने गए थे। दूसरी घटना में, लोहना रोड स्टेशन पर ट्रेन से गिरने से 26 वर्षीय संजीव कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका इलाज चल रहा है।
दरभंगा। दरभंगा-समस्तीपुर रेलखंड पर एपीएम थाना क्षेत्र के उसमा गांव के पास गुरुवार की देर शाम ट्रेन से कटने से एक अधेड़ की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को डीएमसीएच भेजा। मृतक की पहचान लहेरियासराय थाना क्षेत्र के बाकरगंज अभंडा निवासी विशेश्वर सहनी के पुत्र विजय कुमार सहनी (45) के रूप में की गई है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पोस्टमार्टम हाउस परिसर में मौजूद मृतक के चाचा नरेश कुमार निराला ने बताया कि विजय मछली पकड़ने के लिए जाल फेंकने जगह-जगह जाता था। गुरुवार की शाम करीब सात बजे खाना खाकर वह घर से निकला था।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार की सुबह उन्हें सूचना मिली कि वह ट्रेन से कट गया है। उसका शव रेलवे ट्रैक के पास पड़ा है। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की जानकारी मिलने पर परिजन यहां पहुंचे हैं।वह परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। उसकी तीन बेटियां और एक बेटा है। ट्रेन से गिरने पर जख्मी हुआ युवक तारडीह। दरभंगा-सहरसा रेलखंड पर लोहना रोड रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को सहरसा से लहेरियासराय जाने वाली सवारी ट्रेन से गिरकर एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका इलाज झंझारपुर के एक निजी क्लिनिक में चल रहा है। घायल की पहचान मधुबनी जिले के मधेपुर थाना क्षेत्र के करहारा गांव के 26 वर्षीय संजीव कुमार कामती के रूप में की गयी है। स्टेशन पर बैठे यात्रियों ने बताया कि ट्रेन लोहना रोड स्टेशन पर धीमी होते ही श्री कामती ट्रेन से कूद गए। इससे वे अचेत होकर निचे गिर गए। इससे उनका सिर, हाथ व पैर में गंभीर चोटें आयी हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




