तीन हिस्सों में कटा युवक का शव
दरभंगा में दरभंगा-लहेरियासराय रेल खंड पर ट्रेन की चपेट में आने से 26 वर्षीय अमित कुमार की मौत हो गई। वह भटियारीसराय में मोमोज बेचता था। परिजनों ने इसकी जानकारी मिलने पर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर शव की पहचान की। अमित के दो हाथों पर टैटू थे, जिससे उसकी पहचान हुई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।

दरभंगा, नगर प्रतिनिधि। दरभंगा-लहेरियासराय रेल खंड पर चट्टी गुमटी के पास ट्रेन की चपेट में आने से बेंता थाना क्षेत्र के भटवा पोखर निवासी अशोक राम के पुत्र अमित कुमार (26) की मौत हो गई। हादसे के घंटों बाद इसकी जानकारी मिलने पर परिजनों के बीच कोहराम मच गया। दर्जनों परिजन रोते- बिलखते हुए बुधवार को डीएमसीएच के पोस्टमार्टम हाउस परिसर पहुंच गए। मंगलवार की देर शाम ट्रेन के नीचे आने से युवक का शरीर तीन हिस्से में कट गया था। दोनों हाथ पर बने टैटू से शव की पहचान की गई। मृतक की बहन निशा कुमारी ने बताया कि अमित भटियारीसराय में ठेले पर मोमोज बेचता था।
मंगलवार को उसने दुकान नहीं लगाई थी। वह शाम को करीब साढ़े चार बजे घर से निकला था। देर रात तक नहीं लौटने पर उसकी तलाश शुरू की गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला चला। उसका मोबाइल फोन लगातार बंद मिल रहा था। इसी बुधवार को सूचना मिली कि चट्टी गुमटी के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पड़ा मिला है। ये जानकारी मिलने के बाद परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। उसके हाथ पर बने टैटू से उसकी पहचान की गई।घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि अमित की मौत की खबर सुनकर उसकी पत्नी बार-बार बेहोश हो रही है। उसका पांच साल का बेटा है।


