पानी में डूबने से राज हाई स्कूल के छात्र और दो बच्चों की हुई मौत

पानी में डूबने से राज हाई स्कूल के छात्र और दो बच्चों की हुई मौत

संक्षेप:

दरभंगा जिले में पिछले 24 घंटे में दो बच्चों की पानी में डूबने से मौत हो गई। एक 14 वर्षीय छात्र शिवम कुमार तालाब में डूब गया, जबकि 4 वर्षीय कन्हैया कुमार बाढ़ के पानी में गिरकर मरा। मनीगाछी में 3...

Aug 14, 2025 07:54 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, दरभंगा
share

दरभंगा/कुशेश्वरस्थान पूर्वी/मनीगाछी, हिटी। जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान अलग-अलग जगहों पर पानी में डूबने से नौवीं कक्षा के एक छात्र समेत दो बच्चों की मौत हो गयी। शहर के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के रामबाग स्थित एक होटल के बगल में स्थित तालाब में गुरुवार की दोपहर राज हाई स्कूल का छात्र डूब गया। शोर सुनकर लोगों ने आनन-फानन में तालाब से निकलकर इलाज के लिए उसे डीएमसीएच के इमरजेंसी विभाग भेजा। वहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी पहचान नगर थाना क्षेत्र के शुभंकरपुर नागेश्वर नाथ टोला निवासी पप्पू राउत के पुत्र शिवम कुमार (14) के रूप में की गई है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

घटना की जानकारी मिलने पर काफी संख्या में परिजन डीएमसीएच पहुंच गए। बेटे के शव पर नजर पड़ते ही उससे लिपटकर उसकी मां फूट-फूटकर रो पड़ी। उन्हें संभालने में परिजनों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बेंता थाने की पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा उसे परिजनों को सौंप दिया व कागजी कार्रवाई में जुट गई है। मृतक के पिता पप्पू राउत ने बताया कि वे बाकरगंज स्थित एक आभूषण की दुकान में काम करते हैं। सूचना मिलने पर वे भागे-भागे डीएमसीएच पहुंचे। उन्होंने बताया कि शिवम राज स्कूल में नौवीं कक्षा का छात्र था। स्कूल से निकलकर वो अपने सहपाठी आयुष के साथ रामबाग स्थित तालाब किनारे चला गया था। आयुष ने जानकारी दी कि तालाब किनारे खड़ा होकर वह गिट्टी फेंक रहा था। इसी दौरान पांव फिसलने से वो तालाब में गिर गया। उधर, कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड की उसड़ी पंचायत अंतर्गत हरिनाही गांव में गुरुवार की सुबह पानी में डूबने से एक बच्चे की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार हरिनाही निवासी शम्भू पासवान का चार वर्षीय पुत्र कन्हैया कुमार घर से अपने डेरा (दरवाजा) पर जा रहा था। इस बीच रास्ते में फैले बाढ़ के पानी में वह डूब गया। थोड़ी देर बाद वह घर पर नहीं दिखा तो उसकी खोज शुरू की गई। इसी क्रम में वह रास्ते में फैले पानी में डूबा मिला। बच्चे की मौत हो जाने से परिवार में कोहराम मच गया। इधर, मौके पर पहुंची पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ गोपाल पासवान ने कहा कि मृतक के अभिभावक को सरकारी सहायता का लाभ प्रक्रिया पूरी होते ही दे दिया जाएगा। उधर, मनीगाछी थाना क्षेत्र के कठरा गांव में गुरुवार को तालाब में डूबने से तीन वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। घटना दोपहर करीब दो बजे की बताई जाती है। मृत बच्चा आशीष कुमार गांव के ही राज कुमार मुखिया का पुत्र बताया जाता है। जानकारी के अनुसार आशीष अपने घर के पास स्थित महुआ पोखर पर खेल रहा था। इसी क्रम में वह पोखर में उतरा और गहरे पानी में चला गया। इससे उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची मनीगाछी थाने की पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। यह जानकारी थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने दी है।