Darbhanga News: गोताखोर उपलब्ध नहीं करने पर एनएच को तीन घंटे रखा जाम
Darbhanga News: दरभंगा के काकरघाटी गांव में एक युवक, अखिलेश यादव (25), कमला नदी में डूब गया। उसकी बरामदगी के लिए एनडीआरएफ की टीम को तुरंत छोड़ने में देरी के कारण ग्रामीणों ने एचएन हाईवे को जाम कर दिया। अधिकारियों ने स्थिति को बिगड़ने से रोकने के लिए मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को समझाया।

Darbhanga News: राजीव रंजन प्रसाद,दरभंगा। सदर थाना क्षेत्र के काकरघाटी गांव का एक युवक शुक्रवार को गांव के पास ही कमला नदी में डूब गया। डूबे युवक की पहचान राजेंद्र यादव के पुत्र अखिलेश यादव (25) के रूप में हुई है। सदर सीओ द्वारा तत्काल गोताखोर की टीम उपलब्ध नहीं कराने के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने लगभग तीन घंटे तक एचएन को जाम कर दिया। एनडीआरएफ की टीम के पहुंचने पर ही लोगों ने सड़क जाम समाप्त किया। युवक की बरामजगी के लिए देर शाम तक तलाशी अभियान जारी था। बताया जाता है कि काकरघाटी गांव के ही चाय दुकानदार धनेश्वर यादव की मौत हो गई थी।
उसके अंतिम संस्कार में ग्रामीणों के साथ अखिलेश भी गया था। अंतिम संस्कार के बाद नदी में स्नान करने के क्रम में अखिलेश गहरे पानी में चला गया। उसे डूबते देख लोगों ने बचाना चाहा, लेकिन तब तक वह पानी के नीचे चला गया। ग्रामीणों ने अपने स्तर से अखिलेश को नदी में ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन वे लोग सफल नहीं हुए। घटना की जानकारी लोगों ने थानाध्यक्ष मनोज कुमार, सीओ निश्चल प्रेम व बीडीओ डॉ. रवि रंजन को दी। उन लोगों ने अखिलेश की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम को भेजने का अनुरोध अधिकारियों से किया, लेकिन मुख्यालय में एनडीआरएफ के नहीं होने का हवाला देते हुए अधिकारियों ने तत्काल घटनास्थल पर एनडीआरएफ नहीं उपलब्ध कराने की बात कही। इस कारण लोगों ने आक्रोशित होकर हाइवे को काकरघाटी मोड़ के पास जाम कर दिया। सड़क जाम की सूचना पर सभी अधिकारी मौके पर पहुंचे। लोगों को समझाया-बुझाया गया। कुछ देर गोताखोर की टीम भी मौके पर पहुंची। तब जाकर ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त किया। एनडीआरएफ की टीम ने नदी में तलाशी अभियान शुरू किया, लेकिन कुछ देर बाद अंधेरा होने के कारण अभियान को रोकना पड़ा। देर शाम तक नदी से अखिलेश को बरामद नहीं किया जा सका था। सीओ निश्चल प्रेम ने बताया कि रविवार की सुबह फिर से गोताखोर अखिलेश की तलाश नदी में करेंगे।


