फुट ओवरब्रिज पर भीड़ में फंसकर गिरी महिला, मौत

Mar 02, 2026 12:38 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, दरभंगा
share Share
Follow Us on

घनश्यामपुर में बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा के दौरान भीड़भाड़ के चलते 58 वर्षीय वीणा देवी की मौत हो गई। वह अपने नाती-नतिनी के मुंडन संस्कार में शामिल होने आई थीं। भीड़ के दबाव में संतुलन खोकर वह गिर गईं और लोगों के बीच दब गईं। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

फुट ओवरब्रिज पर भीड़ में फंसकर गिरी महिला,  मौत

घनश्यामपुर। बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा के दौरान हुई भीड़भाड़ ने दरभंगा जिले की एक महिला श्रद्धालु की जान ले ली। घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के नारी कुमई गांव निवासी 58 वर्षीया वीणा देवी की मंदिर परिसर स्थित फुट ओवरब्रिज पर भीड़ के दबाव में दबने से मौत हो गई। घटना के बाद अफरातफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, वीणा देवी अपने नाती-नतिनी के मुंडन संस्कार में शामिल होने के लिए देवघर आई थीं। शनिवार को वह बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए कतार में खड़ी थीं। इसी दौरान फुट ओवरब्रिज पर अचानक श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ गई और धक्का-मुक्की शुरू हो गई।

भीड़ के तेज दबाव में वह संतुलन खो बैठीं और नीचे गिरकर लोगों के बीच दब गईं। मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं और सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें बाहर निकालकर गंभीर हालत में देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां ऑन ड्यूटी डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने घटना की सूचना बैद्यनाथधाम ओपी को दे दी है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रविवार की सुबह जब शव घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के कुमई गांव पहुंचा तो पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।मृतका अपने पीछे चार पुत्र और पांच पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। परिजनों ने मंदिर परिसर में भीड़ नियंत्रण व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि पर्व-त्योहारों और विशेष अवसरों पर श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रहती है, ऐसे में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की सख्त व्यवस्था होनी चाहिए। वहीं, घनश्यामपुर थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि उन्हें अब तक आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।