Darbhanga News: जाले:दीवार से टकराने से बाइक सवार युवक की मौत
Darbhanga News: मलिकपुर के रहने वाले 22 वर्षीय मो. आसिफ की मंगलवार शाम को बाइक दुर्घटना में मौत हो गई। बाइक दीवार से टकराने के कारण आसिफ गंभीर रूप से घायल हो गया था और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उसके साथी शाकिब घायल हैं। आसिफ काजी अहमद डिग्री कॉलेज का छात्र था।

Darbhanga News: विजय कुमार ठाकुर,जाले। थाना क्षेत्र के कदम चौक से कछुआ जाने वाली सड़क में कदम चौक से पश्चिम मंगलवार की शाम बाइक के दीवार से टकरा जाने से चालक मलिकपुर वार्ड चार निवासी स्व. मो. इजहार के 22 वर्षीय पुत्र मो. आसिफ की मौत हो गई। वहीं, बाइक पर सवार उसी गांव के शाकिब (20) गंभीर रूप से जख्मी हो गए। मलिकपुर गांव के समाजसेवी जेयाउल इस्लाम मिट्ठू ने बताया कि मंगलवार की शाम आसिफ और शाकिब दोनों बाइक से कदम चौक जा रहे थे। इसी क्रम में कछुआ निवासी हित नारायण मिश्र के मार्केट कॉम्प्लेक्स के पास एक चार पहिया वाहन विपरीत दिशा में तेजी से गुजरी।
इस वजह से बाइक फिसलकर मकान की दीवार से टकरा गई। आसिफ और शाकिब गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सूचना मिलते ही दोनों के परिजन वहां पहुंचे और दोनों को इलाज के लिए दरभंगा ले जाया जा रहे थे कि आसिफ ने दिल्ली मोड़ के पास जाते-जाते दम तोड़ दिया। इसके बाद उसके परिजनों में कोहराम मच गया। शाकिब को इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। आसिफ काजी अहमद डिग्री कॉलेज, जाले के स्नातक द्वितीय वर्ष का छात्र था। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था। दोनों बड़े भाइयों के घर से बाहर रहने की वजह से वह पढ़ाई के साथ साथ खेती-बाड़ी में भी काफी दिलचस्पी लेता था।


