युवक की मौत के कारण नहीं पहुंची दुल्हन
बिरौल के हाटी में एक दुर्घटना में विशाल कुमार शर्मा की मौत हो गई। वह शादी में शामिल होने गाजियाबाद से आया था। हादसे की खबर से घर में कोहराम मच गया और दुल्हन ससुराल नहीं पहुंच सकी। बारात वाले दिन ही विशाल की लाश घर पहुंची, जिससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

शिव कुमार खर्गा,बिरौल। थाना क्षेत्र के हाटी में गत सोमवार की रात वाहन की ठोकर से ललन शर्मा के पुत्र विशाल कुमार शर्मा की मौत हो जाने से उसके चचेरे भाई की दुल्हन ससुराल नहीं पहुंच सकी। हादसे में विशाल की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। विशाल पिता ललन शर्मा, मां चंदा देवी और बड़ा भाई रामदेव शर्मा के साथ तीन दिन पहले ही गाजियाबाद से शादी में शामिल होने आया था। परिजनों ने भारी मन से सन्नी की बारात दिन में ही भेज दी। रात में किसी तरह उसकी शादी तो कर दी गई, लेकिन हादसे के चलते दुल्हन विदा होकर ससुराल नहीं आ सकी।
जिस भाई की शादी में विशाल हंसते-खेलते आया था, उसी की बारात वाले दिन उसकी लाश घर पहुंची। गांव में मोहल्ले के लोगों को घर में चूल्हे नहीं जले। मृतक के घर पहुंचने वाले सभी की आंखें नम थी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि विशाल अपने पिता व बड़े भाई के साथ रहकर पढ़ाई कर रहा था। थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने बताया कि घटना के बारे में कोई शिकायत नहीं मिली है। आवेदन मिलते ही वाहन चालक की खोजबीन कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


