
संदिग्ध स्थिति में मिला नवविवाहिता का शव
घनश्यामपुर के भदौन गांव में एक नवविवाहिता कंचन कुमारी की संदिग्ध स्थिति में लाश मिली। परिजनों ने पति पर दूसरी शादी करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद पति और ससुराल वाले फरार हो गए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच कर रही है।
घनश्यामपुर। घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के भदौन गांव में मंगलवार की देर रात एक नवविवाहिता की संदिग्ध स्थिति में लाश मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। मृतिका की पहचान कंचन कुमारी के रूप में हुई है। जिसकी छह साल पूर्व ही शादी हुई थी। परिजनों ने पति पर दूसरी शादी करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद से पति समेत सभी ससुराल वाले घर छोड़कर फरार हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात बारह बजे कंचन कुमारी का शव झोंपड़ी वाले घर में मृत अवस्था में मिला है। सूचना मिलते ही अलीनगर थाना क्षेत्र के मिल्की गांव से मृतका के मायके वाले घटनास्थल पर पहुंचे और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया।
मृतिका की भाभी उर्मिला देवी ने बताया कि हमारी ननद कंचन कुमारी का पति श्रवण मुखिया चार दिन पहले दूसरी शादी कर फेसबुक पर दूसरी शादी का वीडियो शेयर किया था। इससे पहले भी ससुराल वालों के द्वारा मेरी ननद कंचन कुमारी को मानसिक तथा शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।जिसको लेकर कई बार पंचायत हुई। फिर भी ससुराल वालों के द्वारा निर्मम हत्या कर दी गई।मृतका की चाची सोनिया देवी ने बताया कि शादी के समय उन्होंने अपनी हैसियत के अनुसार सब कुछ दिया था। जानकारी के अनुसार मृत विवाहिता की मां माया देवी तथा पिता उपेंद्र मुखिया पंजाब में रहकर मजदूरी करते हैं। सोनिया देवी ने आरोप लगाया कि ससुराल वालों को सुबह से कंचन से बात करवाने को लेकर कॉल करता रहा लेकिन ससुराल वालों ने कॉल नहीं उठाया। रात बारह बजे जब कॉल उठाया तो कंचन के ससुर ने बताया कि वह मर चुकी है । विवाहिता की संदिग्ध मौत की सूचना मिलते ही मृतका के पति श्रवण मुखिया, ससुर अकलू मुखिया और सास व परिवार के अन्य सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए। घटना की सूचना पर घनश्यामपुर थाना प्रभारी आलोक कुमार दल-बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस टीम ने मौके की गहन जांच-पड़ताल की और पंचनामा तैयार कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच दरभंगा भेज दिया। घटना स्थल पर एफएसएल टीम पहुंचकर हर पहलू पर जांच कर रही है । आगे उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा ।इस मामले में आवेदन मिलते ही अग्रेत्तर कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




