संदिग्ध स्थिति में विवाहिता की मौत, हत्या का लगाया आरोप
कुशियाम गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मृतका के दादा ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित कर हत्या करने का आरोप लगाया है। शादी के बाद से उसे प्रताड़ित किया जा रहा था। घटना के बाद शव को जल्दी पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

शशि प्रकाश, बहेड़ी। थाना क्षेत्र के कुशियाम गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के दादा बहेड़ा थाने के कोठबन्ना गांव के मंगल तांती ने बहेड़ी थाने में आवेदन देकर ससुराल पक्ष के छह लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित कर हत्या करने तथा साक्ष्य मिटाने की कोशिश का आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी। आवेदन के अनुसार कोठबन्ना गांव की रोशनी देवी की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व कुशियाम गांव के रमण दास के साथ प्रेम विवाह के रूप में हुई थी। शादी के बाद दोनों गांव में ही रह रहे थे। इस दौरान रोशनी देवी ने दो पुत्रियों को जन्म दिया। आरोप है कि बेटियों के जन्म के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उसे लगातार प्रताड़ित करने लगे। मायके पक्ष का कहना है कि दो लाख रुपये नकद, दो भर सोना, बाइक, फर्नीचर और वाशिंग मशीन की मांग की जा रही थी। मांग पूरी नहीं होने पर अक्सर मारपीट की जाती थी。
हत्या की घटना
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि गत 27 मई की रात पति की बहन झुना देवी समेत अन्य परिजनों ने रोशनी देवी के साथ बेरहमी से मारपीट की। अगले दिन सुबह उसकी संदिग्ध हालत में मौत की सूचना मिली। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को आनन-फानन में डीएमसीएच भेज दिया गया, जहां शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
आरोपी और कार्रवाई
मामले में पति रमण दास, झुना देवी, कंचन कुमारी, गीता देवी, कैलू दास, कप्पू दास और बसंती देवी को नामजद आरोपी बनाया गया है। मृतका के दादा ने पुलिस से हत्या, दहेज हत्या एवं दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही पोस्टमार्टम प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने की भी मांग उठाई है। इस संबंध में पूछने पर थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता ने बताया कि आवेदन के आलोक में एफआईआर दर्ज करते हुए आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एफएसएल की टीम घटनास्थल पर बुलाई गई थी, जो स्थल का मुआयना कर कई चीजों को साक्ष्य के रूप में जांच करने के लिए अपने साथ ले गयी है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


