Darbhanga News: बिरौल में आपसी समझौते से निपटाए 729 मामले
Darbhanga News: शिव कुमार खर्गा, बिरौल में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। इसमें 729 मामलों का निष्पादन किया गया, जिसमें सेटलमेंट के माध्यम से 65 लाख 61 हजार 353 रुपये की वसूली की गई। ये मामले मुख्यतः बैंकों के ऋण, आपराधिक और ट्रैफिक चालान से संबंधित थे।

Darbhanga News: शिव कुमार खर्गा,बिरौल। व्यवहार न्यायालय परिसर बिरौल में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। लोक अदालत का उद्घाटन जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश शिव कुमार, एसीजेएम प्रथम विजय कुमार मिश्रा, एसडीजेएम प्रभात, मुंसिफ राकेश कुमार दीपक, एसडीओ शशांक राज, एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष बच्चे लाल झा, सचिव राज कपूर पांडे एवं कार्यकारिणी सदस्य संतोष सिंह ने किया।
मामलों का निष्पादन
जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश शिव कुमार की अध्यक्षता में आयोजित लोक अदालत में कुल चार बेंचों पर 729 मामलों का निष्पादन किया गया। सुबह से ही विभिन्न मामलों के पक्षकार अदालत परिसर में जुटे रहे। लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए चार बेंचों का गठन किया गया था। प्रथम बेंच पर जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश शिव कुमार एवं पैनल अधिवक्ता उमेश कुमार यादव ने विभिन्न बैंकों के ऋण से संबंधित 200 मामलों का निष्पादन किया।
सेटलमेंट की राशि
इसमें एक करोड़ 71 लाख 23 हजार 543 रुपये की बकाया राशि का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर सेटलमेंट कर 65 लाख 61 हजार 353 रुपये की वसूली की गई।
द्वितीय बेंच का निष्पादन
द्वितीय बेंच पर एसीजेएम प्रथम विजय कुमार मिश्रा एवं पैनल अधिवक्ता महाकांत राय ने आपराधिक, ट्रैफिक चालान एवं परिवहन से संबंधित 179 मामलों का निष्पादन किया। इस दौरान परिवहन विभाग के अधिकारी वकील दास एवं प्रमोद सिंह की मौजूदगी में 3 लाख 30 हजार रुपये की वसूली की गई। तृतीय बेंच पर एसडीजेएम प्रभात एवं पैनल अधिवक्ता शंकर कुमार पासवान ने आपराधिक के 69 एवं ग्राम कचहरी से संबंधित 225 कुल 294 मामलों का निपटारा किया। चतुर्थ बेंच पर मुंसिफ राकेश कुमार दीपक एवं पैनल अधिवक्ता शंकर जी झा ने आपराधिक एवं बीएसएनएल से संबंधित 56 मामलों का निष्पादन किया। मौके पर सभी बैंकों के शाखा प्रबंधक एवं न्यायिक कर्मी मौजूद थे।


