प्रवेश पत्र निर्गत नहीं होने से आक्रोशित छात्रों ने किया जाम
राघोपुर ड्योढ़ी माध्यमिक विद्यालय के छात्रों ने परीक्षा प्रवेश पत्र न मिलने पर नेहरा सकरी सड़क पर विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने टायर जलाकर और बांस बल्ला लगाकर यातायात बाधित किया। प्रशासन ने आश्वासन दिया कि परीक्षा से पहले प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे। प्रधानाध्यापक को निलंबित किया गया है।

मनीगाछी। आगामी 10 जनवरी से प्रारंभ होने वाली मैट्रिक एवं इंटर की परीक्षा में शामिल होने वाले आक्रोशित राघोपुर ड्योढ़ी माध्यमिक विद्यालय के बच्चों ने प्रवेश पत्र निर्गत नहीं से आक्रोशित होकर सोमवार को नेहरा सकरी मुख्य सड़क के बीच नारायण पुर बाजार में बांस बल्ला लगाकर तथा सड़क पर टायर जलाकर यातायात को पूरी तरह बाधित कर दिया। दिन के दो बजे शुरू हुआ सड़क जाम सी ओ,बी पी आर ओ सह बी ई ओ द्वारा परीक्षा से पूर्व प्रवेश पत्र मिलने के आश्वासन के बाद चार बजे संपन्न हुआ।इस बीच दोनों ओर इस मुख्य सड़क पर सैकड़ों गाड़ियां खड़ी रहीं।
बताया जाता है कि विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अभिषेक कुमार द्वारा बच्चों से परीक्षा शुल्क के रूप में वसूले गए लाखों रुपए बोर्ड कार्यालय में समय पर जमा नहीं करने से यह समस्या उत्पन्न हुई और अपने भविष्य को लेकर चिंतित बच्चे और उनके अभिभावकों ने आक्रोशित होकर सोमवार को सड़क जाम कर दिया। सड़क जाम की जानकारी पाकर घटना स्थल पर सी ओ रविकांत,बी पी आर ओ अशोक कुमार एवं नेहरा थानाध्यक्ष राहुल कुमार सिंह अपने पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन सभी इसके निदान की मांग पर अड़े रहे। स्थिति को सामान्य बनाने एवं लोगों को समझाने में स्थानीय स्तर पर अहम भूमिका निभाने पहुंचे पंचायत के पूर्व मुखिया श्रवण कुमार नायक द्वारा लोगों को लगातार समझाने एवं बी पी आर ओ सह बी ई ओ द्वारा समय पर प्रवेश पत्र निर्गत कराते हुए परीक्षा में शामिल कराने का आश्वासन मिलने के बाद सड़क को जाम से मुक्ति दिलाई गई और यातायात बहाल हो सका। इस बीच सर्दी के इस मौसम में राहगीर बेहाल बने रहे। ज्ञात हो कि प्रवेश पत्र निर्गत नहीं होने की जानकारी पाकर गत 3 जनवरी को बच्चों एवं अभिभावकों ने स्कूल परिसर पहुंच कर प्रवेश पत्र निर्गत करने की मांग की थी। प्रवेश पत्र निर्गत नहीं होने से उत्पन्न लोगों के आक्रोश की जानकारी पाकर हरकत में आया प्रशासन ने प्रभारी प्रधानाध्यापक अभिषेक कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए नव नियुक्त प्रधानाध्यापक शिव नारायण मल्लिक के निलंबन की अनुशंसा कर दी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


