शिक्षकेतर कर्मियों का दो दिवसीय कलमबंद हड़ताल शुरू
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के शिक्षकेत्तर कर्मचारी दो दिवसीय कलमबंद हड़ताल पर चले गए हैं। इसके बाद 20 मई को सामूहिक प्रदर्शन और अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की जा सकती है। कर्मचारियों की कई मांगों को लेकर विवि प्रशासन की अनदेखी से वे आक्रोशित हैं।

राजीव रंजन झा,दरभंगा। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के अंगीभूत कॉलेजों में कार्यरत स्थायी शिक्षकेत्तर कर्मचारी चरणबद्ध आंदोलन के तहत बुधवार से दो दिवसीय कलमबंद हड़ताल पर चले गए। अगले चरण में 20 मई को विश्वविद्यालय मुख्यालय पर कर्मचारी सामूहिक प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा भी हो सकती है। बिहार राज्य विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी महासंघ के लनामिवि प्रक्षेत्रीय मंत्री विनय कुमार झा ने बताया कि महासंघ के निर्देश और कार्यकारिणी समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के आलोक में चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया गया है। कहा कि कर्मचारियों की मांगों पर विवि प्रशासन की लगातार अनदेखी से कर्मचारियों में काफी आक्रोश है। विश्वविद्यालय में नियम-परिनियम का उल्लंघन कर कार्य किये जा रहे हैं, जिससे कर्मचारियों का हित प्रभावित हो रहा है。
कर्मचारियों की मांगें
प्रक्षेत्रीय मंत्री ने कहा कि प्रोन्नति प्रभार दिये गए कर्मियों को प्रोन्नति वेतन का भुगतान, शेष बचे कर्मियों की पदस्थापना, अर्हता प्राप्त कर्मियों को रिक्त पदों पर प्रोन्नति प्रभार देने, लोक भवन से पारित नियम-परिनियम का अनुपालन, चतुर्थ चरण के कर्मियों का सप्तम वेतन का वेतनांतर भुगतान, न्यायादेश के आलोक में संबंधित कर्मियों को लाभ प्रदान करने, कर्मियों के आर्थिक व मानसिक शोषण पर नियमानुकूल कार्रवाई सहित विभिन्न मांगों को लेकर विवि प्रशासन को लगातार ज्ञापन दिया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि मांगों की पूर्ति होने तक शिक्षकेतर कर्मियों का आंदोलन जारी रहेगा।
आंदोलन का नेतृत्व
कलमबंद हड़ताल के पहले दिन विवि क्षेत्रांतर्गत चारों जिले दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर एवं बेगूसराय के कॉलेजों में शिक्षकेतर कर्मचारियों ने मांगे पूरी होने तक आंदोलन को जारी रखने का संकल्प लिया। दरभंगा में जिलाध्यक्ष नारायण जी झा एवं सचिव हर्षवर्धन कुमार सिंह, मधुबनी में जिलाध्यक्ष त्रिपुरारी झा एवं सचिव कुलदीप झा, समस्तीपुर में जिलाध्यक्ष ठाकुर भारतेंदु एवं सचिव राजदेव राय तथा बेगूसराय में जिलाध्यक्ष राजेश कुमार एवं सचिव मनोज कुमार मिश्रा ने आंदोलन का नेतृत्व किया। सभी अंगीभूत कॉलेजों में इकाई अध्यक्ष एवं सचिव सहित सभी शिक्षकेतर कर्मी आंदोलन में शामिल रहे।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


