Darbhanga News: बहेड़ी:रुपये के लेनदेन में एयरटेल कर्मी को मारी थी गोली

हिन्दुस्तान, दरभंगा
Follow us on Google News
share

Darbhanga News: शशि प्रकाश, बहेड़ी। एक निजी मोबाइल कंपनी के कर्मी संजीव कुमार सिंह को रुपये के लेन-देन के विवाद में गोली मारने का मामला सामने आया है। घायल के भाई राजीव कुमार ने प्राथमिकी दर्ज करवाई, पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों ने बेहतर इलाज की मांग की है।

Darbhanga News: बहेड़ी:रुपये के लेनदेन में एयरटेल कर्मी को मारी थी गोली

Darbhanga News: शशि प्रकाश,बहेड़ी। स्थानीय थाना क्षेत्र के निमैठी चौक के पास एक निजी मोबाइल कंपनी के कर्मी संजीव सिंह को गोली मारने के मामले में नया मोड़ आ गया। घटना के एक दिन बाद शुक्रवार को घायल के भाई राजीव कुमार सिंह ने बहेड़ी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए रुपये के लेन-देन के विवाद में हत्या की कोशिश का आरोप लगाया है। आवेदन में एक नामजद समेत अन्य लोगों को घटना में शामिल बताया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। प्राथमिकी के अनुसार, गुरुवार की शाम संजीव कुमार सिंह मोबाइल टावर का काम पूरा कर घर लौट रहे थे। निमैठी चौक से करीब 300 मीटर पश्चिम आरा मिल के समीप बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। गोली लगते ही संजीव सड़क पर गिर पड़े। आसपास के लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए दरभंगा के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। परिजनों ने बताया कि संजीव अभी इलाजरत हैं और पूरी तरह होश में आने के बाद ही घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी मिल सकेगी。

अभिज्ञप्ति में आरोप

राजीव कुमार सिंह ने आवेदन में आरोप लगाया है कि उनके भाई का चंदनपट्टी निवासी एक युवक के पास लाखों रुपये बकाया था। रुपये की मांग को लेकर वे उसके वहां लगातार पैसा मांगने जाता था। इसी रंजिश में होरलपट्टी गांव के एक व्यक्ति पर गोली चलाने का आरोप लगाया गया है। साथ ही घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी आशंका जताई गई है। पुलिस आवेदन में लगाए गए आरोपों के आधार पर विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।

प्रदर्शन और मांगें

इधर, शुक्रवार को दूसरे दिन भी आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने घटनास्थल पर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि घटना की सूचना मिलने के करीब दो घंटे बाद थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता मौके पर पहुंचे। लोगों ने घायल का सरकारी खर्च पर बेहतर इलाज कराने, निमैठी चौक के आसपास स्थायी पुलिस चौकी स्थापित करने तथा गोलीकांड में शामिल अपराधियों की शीघ्र पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी हुई।

पुलिस की स्थिति

गौरतलब है कि गुरुवार रात करीब नौ बजे निमैठी चौक पर बाइक सवार अपराधियों ने संजीव कुमार सिंह को गोली मार दी थी। पुलिस घटनास्थल से दो खोखे बरामद कर चुकी है। वहीं वर्ष 2023 में इसी निमैठी चौक पर हुए चर्चित तिहरे हत्याकांड की यादें ताजा होने से क्षेत्र में एक बार फिर दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और संवेदनशील इलाके में स्थायी पुलिस व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।

पुलिस कार्रवाई

इस संबंध में पूछने पर बेनीपुर एसडीपीओ बासुकीनाथ झा ने बताया कि आवेदन के आलोक में आरोपित व्यक्ति के गिरफ्तारी को लेकर जगह-जगह छापेमारी की जा रही है। साथ ही कई बिंदुओं पर जांच पड़ताल जारी है।

सामान्य प्रश्न

घटना के समय संजीव कुमार सिंह क्या कर रहे थे?
घटना के समय संजीव कुमार सिंह मोबाइल टावर का काम पूरा कर घर लौट रहे थे।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।