फ्रेंड्स कॉलोनी में शिलान्यास होने के महीनों बाद भी नहीं बन रही सड़क
दरभंगा के फ्रेंड्स कॉलोनी में बुनियादी सुविधाओं की कमी है। मोहल्ले के लोग जलजमाव, सड़क और नाले की कमी से परेशान हैं। गंदगी के कारण मच्छर जनित बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। लोग उम्मीद कर रहे हैं कि सरकार और स्थानीय प्रतिनिधि उनकी समस्याओं का समाधान करेंगे।

दरभंगा । दरभंगा शहर की फ्रेंड्स कॉलोनी में बुनियादी सुविधाएं कमतर हैं। आपसी चंदे से मोहल्ले के लोगों ने कई जगह स्ट्रीट लाइटें लगवा रखी है, पर सड़क व नाले का निर्माण अब भी समस्या बनी हुई है। जलजमाव, कीचड़ व फिसलन से लोग आजिज आ चुके हैं। गंदगी के कारण मच्छर जनित बीमारियों की आशंका गहरा रही हैं। लोग बताते हैं कि कॉलोनी के मुख्य मार्ग से जुड़ी 13 गलियों में अधिकतर कच्ची हैं। इससे अक्सर बुजुर्ग और बच्चे गिरकर चोटिल होते हैं। कई बुर्जुगों के हाथ- पैर टूट चुके हैं। लोगों का कहना है कि सड़क व नाला नहीं होने से लाेगों का जीवन कष्टमय बन गया है।
मजबूरी में घरों का पानी सड़क पर बहने के चलते रोजाना पड़ोसियों की एक-दूसरे से तू-तू, मैं-मैं होती रहती है। इससे आपसी सौहार्द खराब हो रहा है। लोग इसका जिम्मेदार सिस्टम को मानते हैं। संजीव कुमार सिन्हा, शंभू नारायण झा, सुमन कुमार, अशोक कुमार चौधरी, जुनैद आलम, नीला राय, सेवानिवृत्त शिक्षक लक्ष्मी भगत, रामशरण राय, उमेश चौधरी, अधिवक्ता शिवचंद्र चौरसिया, सुशील कुमार, श्याम राय, अविनाश कुमार, शंकर कुमार दास एवं सामाजिक कार्यकर्ता शिक्षक दिगंबर कुमार बताते हैं कि पिछले वर्ष विधानसभा चुनाव से दो-तीन माह पूर्व फ्रेंड्स कॉलोनी की मुख्य सड़क के निर्माण कार्य का शिलान्यास हुआ, पर कार्य आरंभ नहीं हो रहा है। उन्होंने बताया कि दो दशक के बाद मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क उन्नयन योजना के तहत रोड निर्माण का बोर्ड लगा तो मोहल्ले के लोग खुश हो गए। उन्होंने बताया कि सरकार से रूको कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड को एसएच 56 से कॉलोनी के भीतर 600 मीटर रोड बनाने की जिम्मेदारी मिली हुई है, पर इसके प्रतिनिधि गायब हैं। उन्होंने बताया कि निर्माण बोर्ड पर काम आरंभ की तिथि, लागत राशि आदि का विवरण नहीं है। इससे मोहल्ले के लोगों में संशय उत्पन्न हो रहा है। उन्होंने बताया कि लोग बरसात से पहले रोड बनने की उम्मीद संजोए थे, पर काम नहीं होने से मायूस हैं। जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों को पहल करनी चाहिए। कॉलोनी में नल-जल की सुविधा नहीं, गर्मी में हर साल पानी के लिए मचता है हाहाकार जिला मुख्यालय से एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित फ्रेंड्स कॉलोनी बहादुरपुर प्रखंड की खराजपुर पंचायत के वार्ड नंबर तीन का हिस्सा है। सामाजिक कार्यकर्ता दिगंबर कुमार, जुनैद आलम व संजीव कुमार सिन्हा कहते हैं कि शहरीकरण बढ़ने पर वर्ष 2004 में फ्रेंड्स कॉलोनी की बसावट हुई है। तकरीबन 500 परिवारों के लोग यहां रहते हैं। उन्होंने बताया कि पंचायत क्षेत्र होने के बावजूद फ्रेंड्स कॉलोनी नगर निगम के अयोजना क्षेत्र का हिस्सा है। फिर भी नल-जल योजना तक के लाभ से लोग वंचित हैं। इस वजह से गर्मी के दिनों में पानी के लिए हाहाकार की स्थिति बन जाती है। मध्यमवर्गीय सम्मानित लोग पानी के लिए समर्थवान पड़ोसियों के मुहताज बन जाते हैं। अबुनियादी व्यवस्था दुरुस्त होगी तो जीवन सहज बनेगा। बरसात में थम जाती है जिंदगी की रफ्तार दरभंगा-समस्तीपुर स्टेट हाइवे किनारे फ्रेंड्स कॉलोनी मौजूद है। कॉलोनी के सामने एलिवेटेड रोड निर्माण व मेट्रो परिचालन होना है। इससे मोहल्ले के लोगों में प्रसन्नता है। वहीं, नई बसावट होने के चलते विकास कार्य की गति मंद रहने की शिकायत भी है। लोग बरसात में जलजमाव के चलते जिंदगी की रफ्तार थमने की बात बताते हैं। लोगों का कहना है कि कम बारिश होने पर कीचड़ व फिसलन से रोड पर चलना मुश्किल हो जाता है। वहीं, जोरदार वर्षा से सड़कों पर एक-डेढ़ फीट पानी जम जाता है। बच्चों को स्कूल पहुंचाना, दूध-गैस आदि लाने में भारी कठिनाई होती है। उन्होंने बताया कि जिला व निगम प्रशासन को अयोजना क्षेत्र के विकास की पहल शुरू करनी चाहिए। इससे फ्रेंड्स कॉलोनी की समस्याएं भी हल होंगी और जीवन स्तर में सुधार भी आएगा।
बोले जिम्मेदार-
फ्रेंड्स कॉलोनी में रहने वाले लोगों की समस्याओं के बारे में संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली जाएगी। इसके बाद समस्याएं दूर करने की दिशा में आवश्यक पहल की जाएगी। जरूरत पड़ी तो राज्य स्तर के अधिकारियों से भी बात करेंगे। - डॉ. गोपाल जी ठाकुर, सांसद फ्रेंड्स कॉलोनी खराजपुर पंचायत का हिस्सा है और नई बसावट है। इस एरिया में जलजमाव की समस्या है। इसके अलावा सड़क की भी समस्या है। इन समस्याओं को दूर करने के लिए बड़ी योजनाएं व राशि की जरूरत है। जल्द ही मोहल्ले में नल-जल, नाला एवं सड़क निर्माण की पहल की जाएगी। इसके लिए आगामी दिनों में होने वाली बैठक में भी आवाज उठायी जाएगी। इसके अलावा अधिकारियों से भी पहल का आग्रह किया जाएगा। - रीना देवी, मुखिया, खराजपुर पंचायत
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


