
मंत्री जीवेश की अविलंब हो गिरफ्तारी : ललित
दरभंगा में राजद नेताओं ने एक युवक के साथ मारपीट के विरोध में धरना दिया। पूर्व मंत्री ललित यादव ने मंत्री जीवेश कुमार की गिरफ्तारी की मांग की। नेताओं ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वे गरीबों को धोखा देकर...
दरभंगा। सिंहवाड़ा के रामपट्टी में गत रविवार की शाम गांव के ही एक युवक के साथ मारपीट करने के विरोध में मंगलवार को राजद नेताओं ने शहर के कर्पूरी चौक पर धरना दिया। इस दौरान पूर्व मंत्री सह ग्रामीण विधायक ललित यादव ने बिहार सरकार के मंत्री जीवेश कुमार को अविलंब गिरफ्तार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जाले विधायक ने गरीबों का वोट लेकर लोकतंत्र का अपमान किया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री मो. अली अशरफ फातमी ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य अति पिछड़ा का वोट लो और मंत्री बन जाओ और उसके बाद अतिपिछड़ा को पीटो है। पूर्व विधायक भोला यादव ने कहा कि जिस भाजपा के संस्कार में ही गुंडागर्दी और मारपीट है, उसका सफाया होना ही दरभंगा और पूरे बिहार के लिए हितकारी है।

राजद महानगर अध्यक्ष राकेश नायक ने कहा कि मोदी जी के भाजपाई मंत्री ने एक पत्रकार को वाजिब सवाल पूछने पर सिर्फ गाली ही नहीं दी, बुरी तरह से पीटा भी। उनकी गिरफ्तारी अविलंब होनी चाहिए। अन्य कार्यकर्ताओं ने अपने संबोधन में मंत्री श्री मिश्रा पर किसानों की जमीन को जबरदस्ती लिखवाने व नकली दवा का व्यवसाय करने का भी आरोप लगाया। धरने की अध्यक्षता राजद जिलाध्यक्ष उदय शंकर यादव व संचालन राकेश नायक ने किया। मौके पर सुबंश यादव, राजीव कुशवाहा, सुभाष पासवान, लालबाबू शाह, रंजन शाह, यासमीन खातून, भोला सहनी, उमेश राय, उदय शंकर चौधरी, अकबर अली, विश्वजीत यादव, कुंदन महतो, टिंकू बारी, शेखर मंडल थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




