Hindi NewsBihar NewsDarbhanga NewsProgress Review Meeting in Darbhanga Division Led by Commissioner Himanshu Kumar Rai
योजनाओं की रिपोर्ट सौंपें 48 घंटे के अंदर: आयुक्त

योजनाओं की रिपोर्ट सौंपें 48 घंटे के अंदर: आयुक्त

संक्षेप:

लहेरियासराय में प्रमंडलीय आयुक्त हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में पथ निर्माण, ग्रामीण कार्य और भवन निर्माण विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। आयुक्त ने सभी अभियंताओं को 48 घंटे में योजनाओं की स्थिति और प्रगति की रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।

Jan 10, 2026 01:40 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, दरभंगा
share Share
Follow Us on

लहेरियासराय। प्रमंडलीय आयुक्त हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में शुक्रवार को प्रमंडलीय सभागार में समीक्षा बैठक की गई। इसमें दरभंगा प्रमण्डल अंतर्गत पथ निर्माण विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग एवं भवन निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंताओं के साथ विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। आयुक्त ने सभी संबंधित अभियंताओं को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं की वर्तमान स्थिति, कार्यरत योजनाओं का विवरण, निर्धारित समय सीमा, लक्ष्य के अनुरूप अब तक हुई प्रगति का प्रतिशत तथा शेष कार्यों का स्पष्ट प्रतिवेदन 48 घंटे में उपलब्ध कराएं। सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत से संबंधित योजनाओं की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जहां-जहां सड़क निर्माण के दौरान पुल-पुलिया की आवश्यकता है, वहां समय पर पुल-पुलिया का निर्माण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आने वाले समय में जलजमाव की समस्या उत्पन्न न हो और लोगों को आवागमन में कठिनाई न हो।

उन्होंने मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं से संबंधित सभी योजनाओं की गहन समीक्षा करने का निर्देश दिया। कहा कि इन घोषणाओं के अंतर्गत स्वीकृत योजनाओं में अब तक क्या प्रगति हुई है,किन योजनाओं पर कार्य प्रारंभ हो चुका है तथा किन योजनाओं में विलंब हो रहा है, इसका विस्तृत प्रतिवेदन शीघ्र उपलब्ध करायें। बैठक में आयुक्त के सचिव सह उप निदेशक (खाद्य) सुशील कुमार मिश्रा, क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी सह क्षेत्रीय योजना पदाधिकारी आकाश ऐश्वर्य, दरभंगा प्रमंडल के तीनों जिलों के अभियंता आदि थे।