धोई नवटोल गांव में संदिग्ध स्थिति में गर्भवती महिला की हुई मौत

धोई नवटोल गांव में संदिग्ध स्थिति में गर्भवती महिला की हुई मौत

संक्षेप:

दरभंगा के धोई नवटोल गांव में सोमवार को आठ माह की गर्भवती महिला रूपा कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायका पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए...

Aug 18, 2025 09:49 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, दरभंगा
share

दरभंगा। सदर थाना क्षेत्र के धोई नवटोल गांव में सोमवार को संदिग्ध स्थिति में आठ माह की गर्भवती महिला की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस परिसर में काफी संख्या में पहुंचे मायका पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों पर उसकी हत्या का आरोप लगाया। पोस्टमार्टम के बाद शव को मायके पक्ष के लोगों को सौंप दिया। मृतका की ससुराल से कोई भी वहां नहीं पहुंचा। मृतका की पहचान राहुल पासवान की पत्नी रूपा कुमारी (25) के रूप में की गई है। मृतका की मां केवटी थाना क्षेत्र के मानी बलहा निवासी सुरेश पासवान की पत्नी सुधीरा देवी ने बेटी के सास-ससुर, पति और देवर पर हत्या का आरोप लगाते हुए बताया कि पैसे की मांग करते हुए उसे बराबर प्रताड़ित किया जाता था।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

उन्होंने बताया कि रविवार को बेटी से फोन पर बात हुई थी। वह दबी जुबान बात कर रही थी। उन्होंने बताया कि सोमवार की अलसुबह सूचना दी गई कि तबीयत खराब होने से उनकी बेटी की मौत हो गई। जानकारी मिलते ही वे आनन-फानन में परिजनों के साथ उसकी ससुराल पहुंची। वहां घर के आंगन में उसका शव पड़ा था। उन्होंने बताया कि उसके शरीर पर चोट के कई निशान थे। घटनास्थल पर पुलिस ने पहुंचकर तहकीकात की। उन्होंने बताया कि पूछताछ के लिए पुलिस ने ससुराल पक्ष के कई लोगों को हिरासत में लिया है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी आठ महीने की गर्भवती थी। पूर्व से उसे डेढ़ वर्ष का पुत्र है। उसका पति परदेस में राइस मिल में काम करता है। फिलहाल वह घर पर ही था।