Darbhanga News: तेज हवा और बारिश में गुल हो जाती है बिजली
Darbhanga News: दरभंगा में बिजली आपूर्ति में सुधार की आवश्यकता है। तेज हवा और बारिश के कारण बिजली कटौती हो रही है, जिससे उपभोक्ताओं को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। शहरी क्षेत्रों में 23 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में 20-22 घंटे बिजली की आपूर्ति का दावा किया गया है। पिछले तीन वर्षों में बिजली की मांग रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुकी है।

Darbhanga News: पंकज महासेठ,दरभंगा। जिले में बिजली व्यवस्था में और अधिक सुधार की जरूरत है। शहरी व ग्रामीण इलाकों में तेज हवा चलने व बारिश होने पर बिजली आपूर्ति ठप हो जाती है। इससे उपभोक्ताओं को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। विभागीय दावे के अनुसार शहरी क्षेत्र में 24 घंटे में औसतन करीब 23 घंटे बिजली आपूर्ति की जाती है। वहीं, ग्रामीण इलाकों में 20 से 22 घंटे बिजली आपूर्ति का दावा किया जा रहा है। इधर, पिछले तीन वर्षों में बिजली की रिकॉर्ड मांग बढ़ी है। वर्ष 2024 में शहरी क्षेत्र में 76 मेगावाट, वर्ष 2025 में 83 मेगावाट एवं चालू वर्ष 2026 में रिकॉर्ड मांग 89 मेगावाट दर्ज की गयी है।
जिले में करीब 300 मेगावाट की खपत रोज हो रही है। लोगों की शिकायतों के निपटारे के लिए चार घंटे का समय निर्धारित किया गया है। हालांकि मौसम खराब होने या अन्य तकनीकी गड़बड़ी के चलते निर्धारित समय से अधिक समय लग जाता है। शिकायत दर्ज कराने के लिए बिजली कंट्रोल रूम नंबर 7763818777 एवं टॉल फ्री नंबर 1912 जारी किया गया है। वहीं, ट्रांसफॉर्मर जलने के 24 घंटे के भीतर उसे बदलकर संबंधित इलाके में बिजली आपूर्ति बहाल करने का समय विभाग की ओर से निर्धारित किया गया है।


