ढाई सौ लीटर शराब व उपकरणों के साथ तीन धंधेबाज गिरफ्तार
मनीगाछी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने 28 फरवरी को डैनी टोला में छापेमारी की, जहां 128.250 लीटर विदेशी शराब और शराब बनाने के उपकरण जब्त किए गए। तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया। बाजितपुर थानाध्यक्ष ने भी मीरचक गांव में 117.945 लीटर शराब बरामद की।

मनीगाछी। गुप्त सूचना के आधार पर मनीगाछी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल ने गत 28 फरवरी को थाना क्षेत्र के डैनी टोला निवासी साकेत कुमार यादव के घर पर छापेमारी कर 128.250 लीटर विदेशी शराब के साथ भारी मात्रा में शराब बनाने के उपकरणों को जब्त कर लिया। मौके से शराब तस्कर साकेत कुमार यादव, अमित कुमार यादव एवं सुमित कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। थाना क्षेत्र के डैनी टोला निवासी गंगा राम यादव के ये बेटे अपने घर में शराब बनाने की मिनी फैक्ट्री चलाकर स्थानीय स्तर पर शराब की सप्लाई का धंधा करते थे।
थानाध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह के अनुसार छापेमारी में 128.250 लीटर पैकिंग शराब के साथ शराब बनाने के उपकरणों में 107.500 लीटर शराब बनाने के लिए उपयोग में लाई जाने वाली होमियोपैथी दवा, 526 लीटर मिनरल वाटर, पांच लीटर काले रंग का लिक्विड, सीएनजी का बड़ा सिलेंडर, 4200 पीस शराब की बोतल का ढक्कन, 3000 पीस स्टिकर, 2218 पीस लोगो स्टिकर, 1600 पीस शीशे की खाली बोतल, 4400 होमियोपैथी मेडिसीन की खाली बोतल सहित शराब बनाने के अन्य उपकरण शामिल हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि तीनों शराब तस्करों को मौके से गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। दूसरी ओर बाजितपुर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार द्वारा डॉग स्क्वायड के साथ गत 28 फरवरी की रात थाना क्षेत्र के मीरचक गांव के भट्ठा चौर में गुप्त सूचना पर की गई छापेमारी में वहां स्थित पोखर के किनारे झाड़ी में छिपाकर रखी गई 117.945 लीटर शराब बरामद की। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि इस संबंध में अज्ञात लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


