पीएटी का आयोजन अगले माह संभावित
दरभंगा में ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय का पीएचडी एडमिशन टेस्ट (पीएटी) 10 जनवरी को नहीं होगा। अब परीक्षा फरवरी में आयोजित होने की संभावना है। एडमिट कार्ड अभी तक जारी नहीं हुए हैं और विवि प्रशासन जल्द ही नई तिथि की घोषणा करेगा। 23 विषयों में 3,544 छात्रों ने आवेदन किया है।
दरभंगा। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय में पीएचडी एडमिशन टेस्ट (पीएटी) की संभावित तिथि 10 जनवरी थी, लेकिन इस तिथि को परीक्षा का आयोजन नहीं होगा। अब पीएटी का आयोजन फरवरी में संभावित बताया जा रहा है। पीएटी की तिथि की सूचना जल्द ही विवि प्रशासन जारी करेगा। पीएटी की अधिसूचना 24 नवंबर को जारी की गई थी, जिसके अनुसार पांच जनवरी से एडमिट कार्ड जारी होना था, जबकि परीक्षा की संभावित तिथि 10 जनवरी थी। हालांकि अब तक एडमिट कार्ड जारी नहीं किया जा सका है। ऐसे में 10 जनवरी को पीएटी का आयोजन संभव नहीं है। परीक्षा नियंत्रक डॉ. इंसान अली ने बताया कि 10 जनवरी संभावित तिथि थी।
परीक्षा की वास्तविक तिथि की घोषणा जल्द ही कोर कमेटी की बैठक कर जारी कर दी जाएगी। बता दें कि पीएटी के लिए आवेदन की प्रक्रिया 26 नवंबर से शुरू हुई थी, जो 17 दिसंबर तक चली। इस दौरान 23 विषयों में कुल तीन हजार 544 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया है। आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद अभ्यर्थी एडमिट कार्ड का इंतजार कर रहे हैं। छात्र-छात्राएं सूचना के लिए विवि की वेबसाइट खंगाल रहे हैं, जबकि विवि की वेबसाइट पर एडमिट कार्ड जारी करने तथा परीक्षा एवं रिजल्ट प्रकाशन की तिथियां अब तक जारी नहीं होने से अभ्यर्थियों में संशय की स्थिति बनी हुई है। जानकारी के अनुसार इस बार सबसे अधिक 366 आवेदन इतिहास विषय में मिले हैं, जबकि सबसे कम 27 आवेदन एआईएच विषय में प्राप्त हुए हैं। इतिहास सहित दो विषयों में तीन सौ से अधिक आवेदन मिले हैं। हिंदी में 335 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। छह विषयों में आवेदनों की संख्या दो सौ से अधिक है। अंग्रेजी में 271, वाणिज्य में 264, राजनीति विज्ञान में 252, मनोविज्ञान में 242, शिक्षा में 223 तथा जंतु विज्ञान में 239 आवेदन मिले हैं। छह विषयों में 100 से अधिक आवेदन हैं। गणित में 161, रसायन विज्ञान में 155, भौतिकी में 138, समाजशास्त्र में 149, अर्थशास्त्र में 117 तथा भूगोल में 120 आवेदन किया गया है। शेष नौ विषयों में आवेदनों की संख्या सौ से कम है। प्रबंधन में 74, संगीत में 55, मैथिली में 70, दर्शनशास्त्र में 28, संस्कृत में 37, उर्दू में 50, वनस्पति विज्ञान में 88, एआईएच में 27 तथा गृह विज्ञान में 83 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया है। जानकारी के अनुसार अब तक विभिन्न विषयों में सीटों की संख्या स्पष्ट नहीं होने के कारण परीक्षा के आयोजन में विलंब हो रहा है। पीएटी में शामिल होने का मौका उन सभी छात्र-छात्राओं को दिया गया है, जिसने अब तक पीजी अथवा यूजीसी नेट का रिजल्ट प्राप्त कर लिया है। दो पालियों में होनी है परीक्षा अधिसूचना के अनुसार परीक्षा का आयोजन विवि मुख्यालय दरभंगा शहर के विभिन्न केंद्रों पर किया जाना है। एडमिट कार्ड के साथ ही परीक्षा केंद्रों की सूची भी जारी की जाएगी। पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 12:30 बजे तक प्रथम पाली एवं अपराह्न 01:00 से 03:30 बजे तक द्वितीय पाली की परीक्षा आयोजित की जाएगी। 100-100 अंकों के होंगे दो पत्र 100-100 अंकों के दो पत्रों की परीक्षा होगी। प्रथम पत्र में जनरल टीचिंग एंड रिसर्च एप्टीट्यूड से संबंधित 50 ऑब्जेक्टिव प्रश्न पूछे जाएंगे। द्वितीय पत्र सब्जेक्टिव होगा। इसमें कुल नौ प्रश्न होंगे। पांच अंकों के चार अति लघु उत्तरीय प्रश्न, 10 अंकों के तीन लघु उत्तरीय प्रश्न तथा 25 अंकों के दो दीर्घ उत्तरीय प्रश्नों का उत्तर देना होगा। पास करने के लिए सामान्य कोटि के अभ्यर्थियों को न्यूनतम 50 प्रतिशत तथा आरक्षित कोटि को 45 प्रतिशत अंक लाना आवश्यक होगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


