एक्सरे नहीं होने पर महिलाओं ने रोड पर लेटकर जताया विरोध
दरभंगा के डीएमसीएच अस्पताल में मरीजों ने डिजिटल एक्सरे सेवा में हो रही देरी के खिलाफ प्रदर्शन किया। कई दिनों से जांच के लिए आए मरीजों को लौटाया जा रहा था। महिलाओं ने सड़क पर लेटकर विरोध किया। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि मशीन अधिक लोड के कारण बंद हो रही है और इसे ठीक किया जा रहा है।

संजय लाला,दरभंगा। डीएमसीएच के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल स्थित रेडियोलॉजी विभाग में डिजिटल एक्सरे के लिए कई दिनों से इंतजार कर रहे मरीजों व उनके परिजनों का आक्रोश शनिवार को फूट पड़ा। जांच ठप रहने की जानकारी मिलते ही दर्जनों मरीजों व उनके परिजनों ने मुख्य सड़क को जाम कर अस्पताल प्रशासन के खिलाफ जमकर गुस्से का इजहार किया। इस दौरान कई महिलाएं बीच सड़क पर लेट गईं। जाम कर रहे लोग अविलंब मशीन को चालू करने की मांग कर रहे थे। सूचना मिलने पर बेंता थाने की पुलिस वहां पहुंची। काफी समझाने के बावजूद लोग सड़क खाली करने को तैयार नहीं थे।
इसी बीच मशीन चालू होने की सूचना मिलने पर उन लोगों ने जाम हटाया। सड़क जाम के दौरान एक महिला ने बताया कि उनके नाना गंभीर रूप से बीमार हैं। तीन दिनों से उन्हें ट्रॉली पर लिटाकर एक्सरे के लिए लाया जा रहा है। जांच बिना उन्हें लौटा दिया जा रहा है। कई अन्य परिजनों ने भी बताया कि दो-तीन दिनों से एक्सरे के लिए दौड़ रहे हैं। उन्हें बैरंग लौटाया जा रहा है। दरअसल सर्जिकल भवन और पुराने इमरजेंसी विभाग की डिजिटल एक्सरे मशीन के खराब रहने से मरीजों का पूरा लोड सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल स्थित मशीन पर पर आ गया है।बताया जाता है अधिक भार पड़ जाने से मशीन गरम होकर बीच-बीच में बंद हो जाती है। काफी देर बाद वह दोबारा चालू होती है। डीएमसीएच अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्रा ने बताया कि मशीन पर अधिक लोड पड़ने से परेशानी हो रही है। पुराने इमरजेंसी विभाग और सर्जिकल भवन की मशीनों को दुरुस्त कराया जा रहा है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


