
शिक्षा व मनरेगा का छाया रहा मामला
तारडीह में पंचायत समिति सदस्यों की बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, सड़क और मनरेगा योजनाओं पर चर्चा की गई। उप प्रमुख सिद्धार्थ शंकर ने मनरेगा में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। प्रमुख श्यामा देवी ने शिक्षा व्यवस्था की स्थिति पर चिंता व्यक्त की। बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों को स्पष्टीकरण देने का आदेश दिया गया।
तारडीह। प्रखण्ड मुख्यालय परिसर स्थित सभागार भवन में शनिवार को पंचायत समिति सदस्यों की बैठक प्रखण्ड प्रमुख श्यामा देवी की अध्यक्षता में की गई। बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, सड़क, मनरेगा आदि कई योजनाओं पर गहमा - गहमी चर्चा की गई। उप प्रमुख सिद्धार्थ शंकर ने मनरेगा योजना पर जमकर बहस की। उन्होंने कहा कि बिना स्थल जांच किये बगैर राशि का भुगतान करने, एक ही योजना स्थल पर कोई योजनाओं का फर्जी संचालन कर लाखों की राशि का वारा-न्यारा करने की बात कही। उन्होंने कहा कि इससे साफ जाहिर होता है कि संवेदक, कनीय अभियंता और प्रखण्ड कार्यक्रम पदाधिकारी के बीच कथित सांठगांठ कर राशि का बंदरगाह की जा रही हैं।
प्रमुख देवी ने शिक्षा विभाग की उदासीनता पर चर्चा करते हुए कहा कि लगभग 30 से 40 प्रतिशत स्कूली बच्चों का भविष्य अंधकार में है। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान कई विद्यालयों में जहां छात्रों की उपस्थिति 30 से 40 प्रतिशत ही पायी गयी, वहीं कई शिक्षक बिना सूचना के गायब पाये गये। उन्होंने प्रखण्ड शिक्षा पदाधिकारी की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए कई बार ध्यानाकृष्ट किया गया। बावजूद कई विद्यालयों की स्थिति ज्यों की त्यों बनी हुई है। लगमा पंचायत के मुखिया रामाश्रय चौधरी ने बिजली विभाग पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि पंचायत की आम जनता द्वारा लागातार शिकायत करने के बावजूद बिजली की आंखमिचौली चलती रहती है। उन्होंने कहा कि कई बार विभागीय अधिकारी का ध्यान आकृष्ट करने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। पोखरभिण्डा के पंचायत समिति सदस्य नथुनी ठाकुर ने जनवितरण प्रणाली, स्वास्थ्य, मनरेगा आदि पर चर्चा करते हुए कहा कि विभागीय शिथिलता के कारण लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केन्द्र में 90 प्रतिशत दवा उपलब्ध रहने के वाबजूद 40 से 50 प्रतिशत गरीबों को समुचित लाभ नहीं मिल पाता है। प्रखण्ड प्रमुख श्यामा देवी ने बैठक से अनुपस्थित पदाधिकारीयों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दो दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने का आदेश जारी किया। बैठक में बीडीओ प्रीति कुमारी, बीपीआरओ खगेन्द्र मोहन, बिजली जेई अनवर साह सहित कई लोग उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




