
निर्देश का अनुपालन नहीं करने पर की जाएगी कार्रवाई : वीसी
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में कॉलेजों के प्रधानाचार्यों की ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई। कुलपति ने छात्र हित में महत्वपूर्ण निर्देश दिए और अवैध शुल्क वसूली के मामलों में सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। नियमित कक्षाओं के संचालन और छात्र सुविधा केंद्र की व्यवस्था पर भी चर्चा की गई।
दरभंगा,। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में रविवार को संबद्ध कॉलेजों के प्रधानाचार्यों की ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई। कुलपति ने संबद्ध कॉलेजों के कामकाज की समीक्षा करते हुए छात्र हित से संबंधित कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। नामांकन के समय अवैध शुल्क वसूली की शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए कुलपति ने बैठक में सख्त निर्देश दिया कि राज्य सरकार के निर्देश एवं उच्च न्यायालय के निर्णय के आलोक में किसी भी स्थिति में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति के छात्र एवं सभी वर्ग की छात्राओं से नामांकन के समय किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लेना है।

कुलपति ने कहा कि कॉलेजों से लगातार मिल रही शिकायतें गंभीर हैं। यह राज्य सरकार एवं उच्च न्यायालय के निर्देशों का स्पष्ट उल्लंघन है। ऐसे मामले सामने आने और सत्यापित होने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी प्रधानाचार्यों को गंभीरता से निर्देशों के अनुपालन का निर्देश दिया। बैठक में संबद्ध कॉलेजों में नियमित वर्ग संचालन को लेकर भी सख्त निर्देश दिए गए। कुलपति प्रो. चौधरी ने कहा कि छात्रों को कैंपस की ओर मोड़ने के लिए जरूरी है कि कॉलेजों में कक्षाओं का नियमित संचालन हो। इससे कॉलेज में शैक्षणिक माहौल को भी बढ़ावा मिलता है। कतिपय प्रधानाचार्यों के अनुरोध पर यह भी निर्णय लिया गया कि प्रत्येक कॉलेज अब नियमित प्रतिवेदन अपराह्न साढ़े तीन बजे से चार बजे के बीच विश्वविद्यालय मुख्यालय को उपलब्ध करायेंगे। पूर्व प्रेषित पत्र के हवाले से प्रत्येक कॉलेज में अविलंब छात्र सुविधा केंद्र की व्यवस्था करते हुए विश्वविद्यालय मुख्यालय को अवगत कराने का निर्देश दिया गया। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन संबद्ध कॉलेजों की समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर है। कॉलेज प्रशासन को छात्र हित को प्राथमिकता देने और निर्देशों का अनुपालन करने की हिदायत दी। बैठक में कुलपति प्रो. चौधरी के साथ वित्तीय परामर्शी सह वित्त पदाधिकारी इंद्र कुमार, कुलसचिव डॉ. दिव्या रानी हंसदा एवं डीएसडब्ल्यू प्रो. अशोक कुमार मेहता उपस्थित थे। संबद्ध कॉलेजों के प्रधानाचार्य बैठक में ऑनलाइन जुड़े थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


