
नौ दिवसीय अखंड श्यामा नामधुन नवाह महायज्ञ आज से
दरभंगा में माधवेश्वर परिसर में सोमवार से नौ दिनों तक अखंड श्यामा नामधुन संकीर्तन आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन श्यामा न्यास समिति द्वारा किया जा रहा है, जिसमें चार पुजारी निरंतर हवन और दुर्गा शप्तशती का पाठ करेंगे। भक्तों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है और यह महायज्ञ 19 नवंबर को समाप्त होगा।
दरभंगा। मिथिला की हृदय स्थली दरभंगा में स्थापित माधवेश्वर परिसर एक बार फिर सोमवार से अखंड श्यामा नामधुन संकीर्तन से लगातार नौ दिनों तक गुंजायमान होगा। श्यामा न्यास समिति के अध्यक्ष प्रो. सुरेंद्र मोहन झा ने बताया कि सोमवार को प्रात: आठ बजे आयोजित भव्य कलशयात्रा के बाद 11:30 बजे योग्य पुरोहितों द्वारा नामधुन यज्ञ के अग्नि स्थापन एवं संकीर्तन मंडप के विधिवत पूजन के साथ श्यामा माई नामधुन संकीर्तन अनुष्ठान का शुभारंभ होगा। उन्होंने बताया कि नवाह संकीर्तन महायज्ञ के दौरान चार पुजारी निरंतर हवन पूजन कार्य करेंगे, जबकि इतनी ही संख्या में पुजारी निरंतर दुर्गा शप्तशती का पाठ एवं बीज मंत्र जाप कार्य निरंतर श्रद्धापूर्वक निर्वहन करते रहेंगे।
उन्होंने बताया कि भक्तों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मैया को प्रसाद चढ़ाने के लिए अतिरिक्त चार पंडितों की प्रतिनियुक्ति न्यास समिति की ओर से की गई है। वहीं, यज्ञ कुंड के लिए पर्याप्त साकल्य की तैयारी करने के लिए लगातार चार पुजारी तैनात रहेंगे। न्यास समिति के उपाध्यक्ष पं. कमला कांत झा ने बताया कि महिला एवं पुरुष भक्तों की सुरक्षा की दृष्टि से पर्याप्त सुविधा मुहैया कराने के लिए अलग-अलग प्रवेश एवं निकास द्वारा बनाए गए हैं। न्यास के सदस्य निरंतर भक्तों की सुविधा के लिए तत्पर रहेंगे। मैया के दरबार में भक्तों द्वारा दान समर्पित करने के लिए विशेष रूप से कंप्यूटरीकृत व्यवस्था की गई है। चिकित्सा शिविर एवं पूछताछ कार्यालय जरूरतमंद भक्तों को जरूरी सूचनाएं मुहैया कराने के साथ ही उनसे नवाह संकीर्तन से संबंधित सुझाव स्वीकार करने के लिए तत्पर रहेंगे। न्यास समिति की प्रभारी सह सचिव मधुबाला सिन्हा के अनुसार श्यामा धाम में लगातार नौ दिनों तक चलने वाले अखंड नवाह महायज्ञ की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण करने वाली भगवती के रूप में विख्यात मां श्यामा का प्रतिदिन षोडषोपचार विधि से पूजन के बाद प्रधान पुजारी पं. शरद कुमार झा माता की आरती करेंगे। सोमवार से अहर्निश नौ दिनों तक चलने वाला नामधुन संकीर्तन आगामी 19 नवंबर को विराम लेगा। नवाह संकीर्तन महायज्ञ की महिमा का उल्लेख करते हुए उपाध्यक्ष पं. जयशंकर झा ने बताया कि विश्व कल्याण की कामना के साथ वर्ष 1988 से श्यामाधाम में प्रतिवर्ष नवाह महायज्ञ का आयोजन होता है। इसमें देश के विभिन्न हिस्सों से तो भगवती श्यामा के भक्त पहुंचते ही हैं, पड़ोसी देश नेपाल के साथ ही विदेशों में रहने वाले श्रद्धालु भी बड़ी संख्या में नवाह संकीर्तन में शामिल होते हैं। उन्होंने बताया कि मां श्यामा मंदिर न्यास समिति के निर्देश पर यज्ञ संचालन समिति की विभिन्न दीर्घाओं के सदस्य तैयारी में जुटे हुए हैं। उन्होंने बताया कि इस दौरान भक्तों के लिए अनुपम भंडारे का भी आयोजन किया जा रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




