कार्यकर्ता सशक्त रहेंगे तो जीत होगी सुनिश्चित : जायसवाल
दरभंगा में एनडीए कार्यकर्ताओं का सम्मेलन आयोजित हुआ, जिसमें भाजपा और जदयू के नेताओं ने विकास, सुशासन और संगठन की ताकत पर जोर दिया। डॉ. दिलीप जायसवाल ने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय रहने की सलाह...

दरभंगा। दरभंगा शहरी विधानसभा क्षेत्र के एनडीए कार्यकर्ताओं का सम्मेलन गुरुवार को लक्ष्मीश्वर पब्लिक लाइब्रेरी में जदयू महानगर अध्यक्ष माधव झा की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। सम्मेलन में भाजपा, जदयू सहित अन्य घटक दलों के कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि एनडीए सरकार गरीब, किसान, युवा और महिला सबके उत्थान के लिए समर्पित है। संगठन की असली ताकत बूथ स्तर का कार्यकर्ता है। यदि कार्यकर्ता सशक्त रहेंगे तो कोई भी ताकत हमें रोक नहीं सकती। उन्होंने एनडीए के सभी कार्यकर्ताओं से 2025 फिर से नीतीश के संकल्प को पूरा करने के लिए बूथ स्तर तक जाने को कहा।
मंत्री डॉ. प्रेम कुमार ने कहा एनडीए सरकार सुशासन और विकास के मार्ग पर बिहार को आगे बढ़ा रही है। किसानों और गरीबों के लिए चलाई जा रही योजनाएं कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही जनता तक पहुंच पाती हैं। मंत्री महेश्वर हजारी ने कहा कि एनडीए ने समाज के सभी वर्गों को सम्मान और अवसर दिया है। मंत्री सह नगर विधायक संजय सरावगी ने कहा कि दरभंगा नगर विधानसभा एनडीए का गढ़ है। यहां के कार्यकर्ताओं की निष्ठा और जनता का आशीर्वाद हमारी सबसे बड़ी ताकत है। हमें संगठित रहकर आगे की जीत सुनिश्चित करनी है। मंत्री हरी सहनी ने मोदी एवं नीतीश के नेतृत्व में बिहार में विकास की सराहना करते हुए कहा कि यह रफ्तार सदा कायम रहे इसके लिए हमें एक-एक बूथ और एक एक व्यक्ति तक विकास की गाथा पहुंचाने की जरूरत है। सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि दरभंगा की जनता ने हमेशा एनडीए को समर्थन दिया है। एम्स, एयरपोर्ट, सड़क और रेल परियोजनाएं मिथिला क्षेत्र के विकास का प्रमाण हैं। जदयू के विधान पार्षद संजय सिंह ने कहा कि बिहार में एनडीए की सरकार जिस तरह विकास का कार्य कर रही है वह विकास का मिशाल बनता जा रहा है। राज्यसभा सांसद डॉ. धर्मशिला गुप्ता ने कहा कि इस सम्मेलन में कार्यकर्ताओं का उत्साह आगाजी जीत का प्रदर्शित करता है। विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी ने नीतीश कुमार के शासन को बिहार के विकास के लिए स्वर्णिम युग कहा। कार्यक्रम का संचालन विधानसभा संयोजक लक्ष्मण कास्यंकार तथा धन्यवाद ज्ञापन भाजपा जिला उपाध्यक्ष सोनी पूर्वे ने किया। सम्मेलन को मंत्री कृष्ण कुमार मंटू, विधायक लखीन्द्र पासवान, डॉ. रामचंद्र प्रसाद, विधायक डॉ. मुरारी मोहन झा, लोजपा आर के प्रदेश महासचिव डॉ. शाहनवाज अहमद कैफी आदि ने भी संबोधित किया। पार्टी में शामिल होने वालों का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व एमएलसी डॉ. दिलीप चौधरी, डॉ. अर्जुन साहनी, भाजपा जिला प्रभारी उमेश कुशवाहा, जिला अध्यक्ष आदित्य नारायण मन्ना, जिला उपाध्यक्ष राजू तिवारी, भाजपा सेवक जीतू ठाकुर, भाजपा महिला मोर्चा की मीणा झा, बालेंदु झा बालाजी, विधानसभा प्रभारी मुकुंद चौधरी, संतोष पोद्दार, सुजीत मल्लिक, रतन पासवान, दिलीप पासवान, जदयू जिलाध्यक्ष ईश्वर मंडल, लोजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र झा, राष्ट्रीय लोक मोर्चा जिलाध्यक्ष लक्ष्मी पासवान, पूर्व जिलाध्यक्ष जीवछ साहनी आदि उपस्थित रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




