
मां दुर्गा के स्कंदमाता स्वरूप की हुई पूजा-अर्चना
दरभंगा और ग्रामीण क्षेत्रों में शारदीय नवरात्र का उत्साह बढ़ रहा है। शनिवार को मां दुर्गा के स्कंदमाता स्वरूप की पूजा वैदिक मंत्रों से की गई। श्रद्धालुओं ने पूजा पंडालों में भाग लिया और देवी भागवत...
दरभंगा/घनश्यामपुर, हिटी। शारदीय नवरात्र का उत्साह बढ़ने लगा है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। शारदीय नवरात्र के छठे दिन शनिवार को मां दुर्गा के स्कंदमाता स्वरूप की वैदिक मंत्रों तथा मिथिला की मान्य अतिविशिष्ट परंपरा, लोकाचार, पद्धति से पूजा-अर्चना की गई। मां स्कन्दमाता को विशिष्ट नैवेद्ध तिलबा, गो घृत, गो दुग्ध, शीतल प्रसाद, घेबर, पायस (मखाना की खीर) आदि का भोग लगाया गया। घनश्यामपुर प्रखंड के जयदेवपट्टी, तुमौल, बुढ़ेब भगवती, बाऊर, घनश्यामपुर, गनौन, पाली, देथुआ, पोहद्दीबेला, कोर्थु, शिवनगरघाट, सिद्ध विद्यापीठ गलमा धाम आदि में भगवती की पूजा के बाद आरती, मंत्र पुष्पांजलि, क्षमा प्रार्थना के बाद चरणामृत तथा नैवेद्य का वितरण किया गया।
शाम ढलते ही देवी भागवत सुनने संध्याकालीन प्रार्थना तथा महाआरती में भाग लेने एवं सांझ का दीप दान करने के लिए पूजा पांडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी है। दुर्गा मंदिरों के आसपास मेला भी लग गया है। पराती, वेद पाठ, सप्तशती पाठ, पूजा-पाठ, भजन-कीर्तन तथा पारंपरिक मां दुर्गा के मनभावन सुमधुर गीतों तथा जयकारे से वातावरण भक्तिमय हो गया है। नगर पंचायत पाली के दुर्गा मंदिर में संध्याकालीन प्रार्थना तथा महाआरती में भाग लेने के लिए दूर-दराज के गांवों के श्रद्धालु पहुंचने लगे हैं। दुर्गा मंदिर के आसपास मेला लगा है जहां लोग दर्शन के बाद मेले का लुत्फ उठा रहे हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




