कबीरचक से गायब दूसरे युवक की भी हत्या, तीसरे दिन मिला शव

Jan 05, 2026 12:16 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, दरभंगा
share

दरभंगा के कबीरचक गांव से एक जनवरी से लापता बादल मंडल की हत्या कर दी गई। उसका शव बहादुरपुर के मिल्कीचक गांव में गड्ढे में मिला। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी छोटू कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि विवाद के चलते हत्या की गई थी।

कबीरचक से गायब दूसरे युवक की भी हत्या, तीसरे दिन मिला शव

दरभंगा। सदर थाना क्षेत्र के कबीरचक गांव से गत एक जनवरी से लापता दूसरे युवक की भी हत्या कर दी गयी है। अपराधियों ने उसकी हत्या कर शव को गड्ढे में गाड़ दिया था। मृतक की पहचान विनोद मंडल के पुत्र बादल मंडल के रूप में हुई है। बादल का शव रविवार को बीएमपी 13 के पिछले हिस्से में बहादुरपुर थाना क्षेत्र के मिल्कीचक गांव की गाछी में मिला। बादल पर पहले किसी भारी वस्तु से हमला किया गया, बाद में गला दबाकर हत्या कर दी गई। गत एक जनवरी से लापता बादल की तलाश में सुबह से ही पुलिस की टीम उसे क्षेत्र में लगी हुई थी।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

दोपहर बाद एक गड्ढे में उसका शव मिला। बादल के हाथ-पैर को रस्सी से बांधकर सिर के बल गड्ढे में गाड़ दिया गया था। शव बरामद होने की सूचना पर सिटी एसपी व सदर एसडीपीओ सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल की टीम ने भी पहुंचकर घटनास्थल से कई साक्ष्य इकट्ठा किये। इसके बाद सदर थाने की पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच ले गई। इससे पहले शनिवार को बादल के दोस्त कबीरचक निवासी मन्ना महतो का शव भी बीएमपी के पास ही एक खेत में मिला था। ज्ञात हो कि कबीरचक निवासी बादल व उसका दोस्त मन्ना एक जनवरी को पिकनिक मनाने घर से निकले थे। देर शाम तक दोनों घर नहीं लौटे। फोन करने पर फोन भी नहीं रिसीव हो रहा था। दो जनवरी को दोनों के परिजनों ने सदर थाना पहुंचकर मामले की जानकारी पुलिस को दी। वे लोग अपने स्तर से भी खोजबीन करने लगे। खोजबीन के क्रम में दोपहर में बीएमपी के पास निर्माणाधीन सिक्स लेन के पास बादल की बाइक मिली। विनोद ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर बाइक अपने साथ ले गई। इसके बाद विनोद मंडल के आवेदन पर सदर थाने में बादल व उसके दोस्त मन्ना के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज हुई। प्राथमिकी में कबीरचक निवासी रितिक कुमार व बहादुरपुर थाना क्षेत्र के भैरोपट्टी निवासी छोटू कुमार को आरोपी बनाया गया। दर्ज प्राथमिक के अनुसार बादल का छोटू व रितिक से किसी बात का पहले से विवाद चल रहा था। बादल के पिता का आरोप है कि एक जनवरी की शाम भी दोनों ने बादल को फोन कर गाली-गलौज की थी। साथ ही जान मारने की धमकी दी थी। आधा दर्जन से अधिक लोगों ने मिलकर की हत्या बादल एवं मन्ना महतो की हत्या आधा दर्जन से अधिक लोगों ने मिलकर की है। मृतक दोनों युवक एवं हत्या करने वाले सभी पहले से परिचित थे। एक जनवरी को सभी ने एक जगह बैठकर खाया-पिया। खाने-पीने के दौरान ही विवाद बढ़ गया। इसमें दोनों की हत्या कर दी गई। पुलिस की जांच में अभी तक यह बात सामने आई है। इसकी पुष्टि सदर एसडीपीओ राजीव कुमार ने की है ।उन्होंने बताया कि घटना का मुख्य आरोपित छोटू कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। घटना में शामिल अन्य लोगों का भी उसने नाम बताया है। उसी की निशानदेही पर बादल का शव गाछी से बरामद किया गया है। घटना के कारण सहित अन्य बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।