खुलासा: सहोदर भाई ने की थी शुभकला देवी की हत्या, गिरफ्तार
मनीगाछी में शुभकला देवी की हत्या के मामले में उसके भाई संतोष मुखिया को गिरफ्तार किया गया है। संतोष ने बताया कि उसने अपनी बहन को साइबर ठगी के कारण समझाने की कोशिश की थी, लेकिन वह नहीं मानी। संघर्ष के दौरान उसने अपनी बहन की गर्दन दबा दी, जिससे वह बेहोश हो गई।
मनीगाछी। गत 31 दिसंबर की रात थाना क्षेत्र के बिसौल कमलाबाड़ी सड़क के बीच हत्या कर सड़क किनारे लावारिस मिली भैरव स्थान थाना क्षेत्र के लाल गंज निवासी महिला शुभकला देवी की हत्या की गुत्थी महज एक सप्ताह के सलझाते हुए हत्यारोपी मृतका के सहोदर भाई संतोष मुखिया को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या को लेकर जानकारी देते हुए बेनीपुर एसडीपीओ वासुकी नाथ झा ने बताया कि इस घटना के बाद संतोष दिल्ली चला गया था जहां से उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने अपना जुर्म कबूल करते हुए सभी घटनाओं को बताया है। आरोपित संतोष को कल गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
एस डी पी ओ बेनीपुर ने बताया कि मृतका का मैके मनीगाछी थाना क्षेत्र के फुलवन गांव में था और उसकी शादी भैरवस्थान थाना क्षेत्र के लालगंज गांव में था। उसका पति दिल्ली में मजदूरी करता है। घर में अकेली रहने वाली वह महिला मोबाइल पर साइबर के चंगुल में फंसकर लोगों को एयरपोर्ट जैसे जगहों पर नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे लेने लगी और वह मोबाइल फोन पर साइबर ठगों को भेजती रही। लगातार लोगों से पैसे लेने और उसके परिणाम शून्य होने की स्थिति में ठगी के शिकार हुए उसके मायके के लोगों ने संतोष पर दबाव बनाया और उसकी जमीन को दखल कर लिया था। वह अपनी बहन को समझाने का प्रयास किया करता था लेकिन वह इससे बाज नहीं आ रही थी। संतोष दिल्ली में रहकर छोटी छोटी गाड़ियों से बच्चों को स्कूल पहुंचा कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। लोगों के तगेदा एवं बहन के व्यवहार से खिन्न संतोष अपनी गाड़ी से अपनी पत्नी एवं बच्चों के साथ गांव के लिए निकला और गत 31 की देर शाम लाल गंज पहुंच कर बहन को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह मामने को तैयार नहीं हुई,तो उन्होंने उसे अपनी मां से मिलाकर समझाने की नीयत से लाल गंज से फुलवन के लिए निकला। अत्यधिक ठंड एवं कुहासे में वह धीरे-धीरे गाड़ी चलाते हुए चल रहा था। रास्ते में इन्हीं बातों पर चर्चा के दौरान उसकी बहन उससे उलझ गई और दोनों में गुत्थमगुत्था शुरू हो गया। आक्रोशित संतोष ने उसकी गर्दन जोड़ से दबाई तो वह मरणासन्न होकर बेहोश हो गई।उसे मरणासन्न अवस्था में सड़क किनारे छोड़ कर इस अनहोनी घटना से भयभीत संतोष सीधे दिल्ली चला गया। एसडीपीओ ने बताया कि इस संबंध में मृतका की मां से पूछताछ के बाद इसकी गुत्थी सुलझी जिसमें इन लोगों के मोबाइल फोन से भी मदद मिली। संतोष को हिरासत में लेने के लिए दिल्ली पदाधिकारी को भेजा गया जहां से उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने अपना जुर्म कबूल किया है। अब इस संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




